नाथन लायन टेस्ट क्रिकेट इतिहास के छठे सबसे सफल गेंदबाज हैं। दाएं हाथ के इस ऑफ-स्पिनर ने 141 टेस्ट मैचों में 567 विकेट लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर नाथन लायन (Nathan Lyon) इंजरी की वजह से फिलहाल क्रिकेट से दूर हैं। लायन एशेज के दौरान इंजर्ड हो गए थे। लायन की वापसी पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली (George Bailey) ने बड़ा बयान दिया है, जो स्पिनर के करियर के लिए काफी अहम माना जा रहा है। जॉर्ज बेली ने कहा है कि लगातार चोटों का शिकार हो रहे नाथन लायन कब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलेंगे, इसे कोई नहीं जानता। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को इस बात के लिए मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए कि लायन लंबे समय तक अब शायद ही टीम के साथ रहें।
बेली ने कहा, "38 साल के खिलाड़ी के लिए हैमस्ट्रिंग की समस्या बहुत बड़ी है। यह सच है कि वह उस उच्च स्तर पर कभी वापस नहीं आ पाएंगे, जहां आपको इसकी जरूरत है। यह एक संभावना है और हमें इसके लिए तैयार रहना होगा।" 2013 से 2023 के बीच लगातार 100 टेस्ट खेलने के बाद से लायन को इंजरी की समस्या रही है। ऑस्ट्रेलिया को आने वाले समय में कई टेस्ट सीरीज खेलनी हैं।
ऑस्ट्रेलिया अगस्त से कई टेस्ट मैच खेलेगा। पहले वे बांग्लादेश को होस्ट करेंगे और फिर दिसंबर से मार्च तक कुल नौ टेस्ट मैच खेलेंगे, जिसमें भारत के खिलाफ भारत में पांच टेस्ट शामिल हैं। इसके बाद कुछ महीनों में इंग्लैंड में एशेज शुरू होगी। ऐसे में टीम के लिए लायन का उपलब्ध होना बेहद अहम है, लेकिन इंजरी की वजह से शायद ही वह टीम के साथ हों।
जॉर्ज बेली ने कहा, "हम सबसे अच्छे उपलब्ध स्पिनर को मौका देंगे। लायन के वर्कलोड को मैनेज करने की कोई कोशिश नहीं की जाएगी। टॉड मर्फी के साथ हमने संपर्क बनाए रखने की कोशिश की है। वह सिडनी में खेलने के बहुत करीब थे। हमें उनका स्किल सेट पसंद है।"
2011 में श्रीलंका के खिलाफ गॉल में टेस्ट डेब्यू करने वाले नाथन लायन ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। वह टेस्ट क्रिकेट इतिहास के छठे सबसे सफल गेंदबाज भी हैं। दाएं हाथ के इस ऑफ-स्पिनर ने 141 टेस्ट मैचों में 567 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 24 बार 5 विकेट हॉल पूरा किया है तो 10 बार 10 विकेट हाल लिया है।