Sidhu slams Mohammad Amir: मोहम्मद आमिर की भविष्यवाणी का टीम इंडिया ने निकाला दम, तो नवजोत सिंह सिद्धू ने सरेआम लगा दी क्लास! सिद्धू ने आमिर को 'ढोंगी बाबा' कहते हुए बताया कि कैसे संजू सैमसन की पारी ने पाकिस्तान के इस पूर्व गेंदबाज के दावों की धज्जियां उड़ा दीं। देखिए सिद्धू पाजी का ये तीखा प्रहार...
IND vs ENG, Navjot Singh Sidhu slams Mohammad Amir: पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने पाकिस्तानी गेंदबाज मोहम्मद आमिर की जमकर क्लास लगाई है। आमिर ने भविष्यवाणी की थी कि टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक नहीं पहुंच पाएगी, लेकिन जब भारत ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट पक्का किया, तो सिद्धू पाजी ने उन्हें ढोंगी बाबा कह डाला।
आमिर ने पहले कहा था कि भारत जल्दी टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के फाइनल में पहुंचने की बात कही थी। लेकिन हुआ इसके बिल्कुल उलटा, दक्षिण अफ्रीका को न्यूजीलैंड ने हरा दिया और वेस्टइंडीज भी बाहर हो गई। सिद्धू ने आमिर का मजाक उड़ाते हुए इंस्टाग्राम पर बताया कि आमिर की भविष्यवाणियां पूरी तरह फर्जी थीं।
सिद्धू ने अपने वीडियो में तंज कसते हुए कहा, 'हमारे आसपास के लोगों को झूठी भविष्यवाणियां करने की बहुत आदत है। लग गया तो तीर, नहीं तो तुक्का। फिर भी ये लोग खुद को बहुत बड़ा ज्ञानी बाबा समझते हैं। सच तो ये है कि ऐसे लोग सिर्फ ढोंगी बाबा हैं।' सिद्धू ने आगे कहा कि पहले इन्होंने कहा था भारत सेमीफाइनल तक नहीं पहुंचेगा, फिर कहा वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका आगे जाएंगे। लेकिन जैसे ही संजू सैमसन ने वापसी की, ये दोनों टीमें बाहर हो गईं। और आज आमिर कह रहे थे कि सेमीफाइनल में इंग्लैंड जीतेगा, लेकिन इंग्लैंड भी हारकर बाहर हो गया। फिर अंत में कहा, 'थोथा चना बाजे घना।'
सेमीफाइनल से पहले आमिर ने इंग्लैंड का समर्थन किया था। भारत की जीत के बाद जब आमिर से सवाल हुआ, तो उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने क्रिकेट के आधार पर बात की थी। आमिर ने हार का ठीकरा हैरी ब्रूक का संजू सैमसन का वो कैच छोड़ने पर फोड़ा।
संजू ने उस जीवनदान का फायदा उठाते हुए 42 गेंदों में 89 रन ठोक दिए, जिसकी मदद से भारत ने 253/7 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड 20 ओवर में 246 रन ही बना सकी और मैच हार गई। आमिर ने बचाव में कहा, 'मैंने तो अच्छी भविष्यवाणी की थी, लेकिन कैच छोड़ना मेरे हाथ में नहीं है।'