
Mahendra Singh Dhoni- महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर देशभर में उनके करोड़ों प्रशंसक भी जोश दिखा रहे हैं। महेंद्र सिंह धोनी की सबसे बड़ी पहचान उनका शांत स्वभाव है। वे बुरी से बुरी परिस्थितियों में हौसला बनाए रखते हैं, कभी धैयै या संयम नहीं खोते। यही कारण है कि महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट की दुनिया में केप्टन कूल के नाम से भी जाना जाता है। हालांकि गुस्सा आना मानवीय स्वभाव है और वे भी इससे अछूते नहीं रहे। अपने लंबे क्रिकेट करियर में कुछेक मौकों पर महेंद्र सिंह धोनी नाराज नजर आए। साथी प्लेयर्स के साथ ही एक बार वे अंपायर्स से भी उलझ पड़े थे। आइए जानते हैं केप्टन कूल के गुस्सा होने की ऐसी 3 चर्चित घटनाएं।
महेंद्र सिंह धोनी सन 2019 में IPL में अंपायरों से उलझ गए थे। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान अंपायर ने एक फुल टॉस गेंद को नो-बॉल करार दिया पर बाद में फैसला बदल लिया। इससे डगआउट में बैठे धोनी नाराज हो गए। वे तुरंत मैदान पर ही जा पहुंचे। महेंद्र सिंह धोनी ने दोनों अंपायर उल्हास गांधे तथा ब्रूस ऑक्सेनफोर्ड से अपनी आपत्ति जताई।
केप्टन कूल के सरेआम नाराजगी जताने की यह घटना सबसे चर्चित रही। महेंद्र सिंह धोनी को अपने गुस्से का हर्जाना भी चुकाना पड़ा। उन्हें आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया। उनकी मैच फीस की 50 प्रतिशत राशि जुर्माना के रूप में काट ली गई थी।
2015 में बांग्लादेश में वन डे मैच में महेंद्र सिंह धोनी और मुस्तफिजुर रहमान की टक्कर से बड़ा बवाल मचा था। धोनी रन लेते समय मुस्तफिजुर से टकरा गए थे। हालांकि इस घटना पर दोनों प्लेयर्स को सजा मिली पर धोनी मैदान में बेहद आक्रामक दिखे थे। ICC ने महेंद्र सिंह धोनी और मुस्तफिजुर रहमान, दोनों पर कार्रवाई की। धोनी को आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी मानते हुए मैच फीस का 75 प्रतिशत जुर्माना लगाया।
सन 2018 में टीम इंडिया की दक्षिण अफ्रीका के साथ टी20 सीरीज में भी महेंद्र सिंह धोनी का रौद्र रूप दिखाई दिया।
बैटिंग कर रहे धोनी को अंतिम ओवर में एक अतिरिक्त रन लेने का मौका मिला लेकिन मनीष पांडे ने आनाकानी की। रन दौड़ने में उनकी अरुचि पर धोनी झुंझला उठे और अपनी तीखी प्रतिक्रिया भी जाहिर कर दी।
महेंद्र सिंह धोनी की नाराजगी के इन 3 प्रमुख किस्सोें के अलावा ऐसे कुछ अन्य अवसर भी आए। आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का आखिरी लीग मुकाबला गुजरात टाइटंस के खिलाफ था। तब शिवम दुबे और मथीशा पथिराना, धोनी की फील्ड सेटिंग समझ नहीं पाए तो वे गुस्सा गए।