
Team India for the Zimbabwe tour(Photo: IANS/X/@BCCI)
Team India- जिम्बाब्वे दौरे में टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। इस टीम में जहां कई वरिष्ठ खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है वहीं BCCI और सेलेक्टर्स ने अनेक नए चेहरों पर भरोसा जताया है। जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय इंडियन टीम में एक दो नहीं बल्कि पूरे 4 नए खिलाड़ियों को चुना गया है। इनमें प्रभसिमरन सिंह, यश ठाकुर, अशोक शर्मा और हर्ष दुबे शामिल हैं। पहली बार टी-20 इंटरनेशनल टीम में शामिल किया है।
टीम इंडिया जिम्बाब्वे में 23 से 26 जुलाई तक टी-20 सीरीज में 3 मैच खेलेगी। नई टी-20 टीम ज्यादा युवा है। जहां रिंकू सिंह और मयंक यादव को वापस बुलाया गया है वहीं प्रभसिमरन सिंह, यश ठाकुर, अशोक शर्मा और हर्ष दुबे को पहली बार टी-20 टीम में शामिल किया गया है।
BCCI ने इंग्लैंड और आयरलैंड के लिए चुनी गई भारतीय टीम में जिम्बाव्वे दौरे के लिए खासा बदलाव किया है। संजू सैमसन इस दौरे में टीम में नहीं रहेंगे। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट संजू का हालिया प्रदर्शन बेहद खराब रहा है।
नए प्लेयर्स में प्रभसिमरन सिंह को जहां विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में लिया गया है वहीं बाकी तीनों गेंदबाज हैं। यश ठाकुर और अशोक शर्मा तेज गेंदबाज हैं जबकि हर्ष दुबे लेफ्ट आर्म स्पिन के साथ ही ऑलराउंडर की भूमिका निभा सकते हैं।
चारों नए प्लेयर्स को लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है। खासतौर पर प्रभसिमरन सिंह ने लगातार दो IPL में सबको प्रभावित किया है। 2025 में उन्होंने 579 रन बनाए थे जबकि इस बार भी 510 रन बनाए। उन्होंने 42.50 के औसत और 168.87 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की।
तेज गेंदबाज यश ठाकुर और अशोक शर्मा श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया ए में भी थे। अशोक शर्मा ने IPL में गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू किया। उन्होंने 154.2 किमी की स्पीड से सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकी। यश ठाकुर ने महज 6.80 की इकोनॉमी से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 7 मैच में 18 विकेट लिए थे।
लेफ्ट आर्म स्पिन करने वाले हर्ष दुबे ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 8 मैचों में 8 विकेट लिए थे। उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में डेब्यू का मौका मिल चुका है। वे अच्छे ऑलराउंडर भी हैं।
Updated on:
07 Jul 2026 06:56 am
Published on:
07 Jul 2026 06:56 am
