
NZ vs IND 1st Test: केएल राहुल के शानदार शतक से भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। न्यूजीलैंड की पहली पारी के स्कोर 368 रन के जवाब में भारत ने 4 विकेट पर 486 रन बनाकर तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 118 रन की बढ़त बना ली है। विकेट-कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और अंशुल कंबोज टिके हुए हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में यादगार शतकीय पारी (136 रन) खेलने के बाद केएल राहुल ने अपनी इस सफलता का राज खोला। उन्होंने बताया कि वह पिछले 6-7 महीनों से न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलने के बारे में लगातार सोच रहे थे। मैंने इसके लिए अपनी ओर से पूरी तैयारी की। यह भी जानने की कोशिश की कि यहां किन बल्लेबाजों ने रन बनाए हैं। उन्होंने ऐसा कैसे किया। इसके लिए मैंने काफी तैयारी और रिसर्च की। आप जब भी इन सभी चीजों की तैयारी कर लेते हैं तो यहां खेलना आसान हो जाता है।
केएल राहुल ने बताया कि न्यूजीलैंड में टेस्ट शतक के लिए उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में यहां खेले गए टेस्ट मैच के वीडियो का अध्ययन किया। मैंने रिसर्चर्स से उन खिलाड़ियों के वीडियो मांगे, जिन्होंने यहां रन बनाए थे। इनमें जो रूट और हैरी ब्रूक थे। विशेषकर मैंने शीर्ष क्रम के उन बल्लेबाजों के प्रदर्शन को ध्यान से देखा। इससे मुझे आत्मविश्वास मिला। मुझे न्यूजीलैंड में रन बनाना असंभव नहीं लगा। इसके लिए मैंने कोच से बात की और यह समझने के लिए की मेरे लिए कौन सी रणनीति सही रहेगी। इस पर हमने 4-5 महीने तक काम किया।
भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल ने बताया कि टेस्ट में ओपनर की भूमिका में लौटने से उन्हें लय हासिल करने में मदद मिली। उन्होंने दूसरे ओपनरों को देखकर अपनी बैटिंग में सुधार किया। मैंने नेट्स पर भी इसको लेकर काफी काम किया। प्रैक्टिस सेशन के दौरान मैंने जानबूझकर गेंद को कम खेलने और धैर्य रखने की कोशिश की।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन केएल राहुल को जीवनदान मिला था। कीवी गेंदबाज मैट हेनरी की गेंद पर उनके खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील हुई थी। हालांकि न्यूजीलैंड ने रिव्यू नहीं लिया। बाद में पता चला कि गेंद स्टंप्स पर लग रही थी।