क्रिकेट

जिसे सेमीफाइनल में धोया, उसी के खिलाफ 91 रन पर ढेर हुई न्यूजीलैंड, मिचेल सेंटनर ने बताई कहां हुई चूक

5 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में टी20 वर्ल्डकप 2026 की उपविजेता न्यूजीलैंड की टीम साउथ अफ्रीका के सामने सिर्फ 91 रन पर ढेर हो गई।
2 min read
Mar 15, 2026
Mitchell Santner
मिचेल सेंटनर (फोटो- IANS)

NZ vs SA 1st T20 Highlights: साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम 91 रन पर ढेर हो गई। वही टीम, जिसने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में हरा दिया था। मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप रही और पूरी टीम सिर्फ 15 ओवर में ही 91 रन पर सिमट गई। 92 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने सिर्फ तीन विकेट गंवाकर 17वें ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस मुकाबले में हार के बाद टी20 वर्ल्डकप 2026 की उपविजेता टीम के कप्तान मिचेल सेंटनर ने बताया की उनसे कहां चूक हुई। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि पिच में शायद हमारी उम्मीद से थोड़ा ज़्यादा था, खासकर शुरुआत में। साउथ अफ्रीका ने सच में बहुत अच्छी गेंदबाज़ी की और हमें शुरू में ही दबाव में डाल दिया। पावरप्ले में विकेट गंवाने से स्थिति हमेशा मुश्किल हो जाती है। मुझे लगता है कि यह उन स्थितियों में से एक थी, जहाँ अगर आपको बता चल जाता कि पिच थोड़ा अलग बर्ताव कर रही है, तो शायद हम संभलकर खेलते।"

गलतियों से सीखने की कही बात

सेंटनर ने आगे कहा, "पावरप्ले में चार विकेट गंवाना हमेशा एक चुनौती होती है। अगर हम किसी तरह 120 या 130 रन भी बना लेते, तो शायद दूसरी पारी में उनके लिए कुछ और चुनौतियाँ खड़ी हो सकती थीं। यह उन मैचों में से एक है जहाँ आप छोटे-छोटे पलों पर विचार करते हैं, लेकिन अगले मैच की तैयारी जल्दी करनी होती है, इसलिए आपको तेज़ी से आगे बढ़ना पड़ता है। हमें परिस्थितियों के हिसाब से ढलने पर गर्व है, और मुझे लगता है कि आज हम उतनी तेज़ी से ऐसा नहीं कर पाए। यह एक ऐसी चीज़ है जिस पर हम ध्यान देंगे। हैमिल्टन की विकेट अलग होगी।"

इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के 2 डेब्यूटंट खिलाड़ियों ने न्यूजीलैंड की हालत खराब कर दी। पहले एनकोबानी मोकोएना (Nqobani Mokoena) ने धारदार गेंदबाजी की और 21 गेंद फेंकते हुए कीवी टीम के 3 बल्लेबाजों को आउट किया। बाद में विकेटकीपर बल्लेबाज कॉनोर एस्टरह्यूजेन (Connor Esterhuizen) ने नाबाद 45 रन की पारी खेली। इन दोनों खिलाड़ियों ने आज साउथ अफ्रीका नेशनल क्रिकेट टीम के लिए डेब्यू किया और न्यूजीलैंड से टी20 वर्ल्डकप के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला भी लिया।

Updated on:
15 Mar 2026 04:42 pm
Published on:
15 Mar 2026 04:37 pm