NZW vs IREW Highlights: Women's T20 World Cup 2026 के 13वें मुकाबले में न्यूजीलैंड ने आयरलैंड को 4 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। अमेलिया केर, ब्रुक हॉलिडे और इज़ी गेज की पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने 140 रन बनाए, जबकि गैबी लुईस और ओर्ला प्रेंडरगास्ट के अर्धशतकों के बावजूद आयरलैंड 136 रन ही बना सका।

New Zealand W vs Ireland W Highlights: वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के 13वें मुकाबले में न्यूजीलैंड ने आयरलैंड को हराकर पहली जीत हासिल की। पहले दोनों मुकाबलों में हार के बाद डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। आयरलैंड के खिलाफ जीत हासिल कर उन्होंने खाता तो खोला, लेकिन अभी भी उनके अंतिम चार में पहुंचने की राह अभी भी आसान नहीं हुई है।
शुक्रवार को साउथम्पटन के रोज बाउल में खेले गए आईसीसी वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के ग्रुप B के इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 140 रन बनाए। जवाब में आयरलैंड की टीम 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 136 रन ही बना सकी और न्यूजीलैंड ने 4 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। आयरलैंड की ओर से कप्तान गैबी लुईस ने 58 रन की पारी खेली, तो ओर्ला प्रेंडरगास्ट ने 59 रन बनाए। इसके अलावा जो भी बल्लेबाज आए, वह दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सके और यही वजह रही कि आयरलैंड 4 रन से पीछे रह गया।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड के लिए अमेलिया केर ने 30 रन बनाए, तो ब्रुक हॉलिडे ने 34 और इज़ी गेज ने 36 रन बनाए। इसके अलावा सूजी बेट्स ने 12 गेंदों में 19 रन बनाकर टीम को 140 के स्कोर तक पहुंचाया। आयरलैंड की ओर से ओर्ला प्रेंडरगास्ट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट चटकाए तो, कारा मूरे ने भी 2 सफलता हासिल की।
आपको बता दें कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। दोनों ग्रुप से सिर्फ दो-दो टीमें ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। यानी दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें ही अंतिम चार का टिकट हासिल करेंगी।
फिलहाल ग्रुप बी में न्यूजीलैंड जीत के बावजूद चौथे स्थान पर है, जबकि स्कॉटलैंड उससे ऊपर है। इसके अलावा वेस्टइंडीज और इंग्लैंड भी दो-दो मैच जीतकर शीर्ष स्थानों पर काबिज हैं। न्यूजीलैंड को अभी इंग्लैंड से खेलना है, जबकि वह वेस्टइंडीज से हार चुकी है। ऐसे में उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें अब बहुत कम रह गई हैं।