Pakistan vs Bangladesh 2nd Test: रावलपिंडी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन बांग्लादेश ने 26 पर 6 विकेट गंवाने के बाद 220 के आंकड़े के पार कर लिया है और उनके अभी भी 2 विकेट बचे हुए हैं।
PAK vs BAN 2nd Test: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में मेजबान टीम अपने शुरुआती दबदबे का बरकरार नहीं रख पाई है। पहली पारी में 274 रन बनाने वाली पाकिस्तान की टीम ने बांग्लादेश को 26 के स्कोर पर ही 6 झटके दे दिए। ऐसा लग रहा था कि पहले दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ जाने के बावजूद पूरे 5 दिन मैच नहीं चलेगा लेकिन लिटन दास और मेहदी हसन मिराज की अविश्वसनीय पारियों ने खेल का रुख पलट दिया और दोनों ने टीम को 200 रन के करीब पहुंचा दिया। 191 के स्कोर पर मिराज तो आउट हो गए लेकिन लिटन दास जमे रहे और अपना शतक पूरा कर लिया।
लिटन दास के सामने पाकिस्तान की गेंदबाजी लाइन अप लाचार नजर आ रही थी। दास ने 12 चौकों और 2 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया और टीम के पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर बांग्लादेश के स्कोर को 240 के पार पहुंचा दिया है। 26 रन पर बांग्लादेश के 6 विकेट चटकाने के बाद पाकिस्तानी गेंदबाजों को काफी संघर्ष करना पड़ा। लिटन दास और मेहदी मिराज ने मिलकर मैदान पर कई बेहतरीन शॉट्स लगाए और साथ ही पाकिस्तान की उम्मीदों को भी झटका दिया। पहले मुकाबले में हार झेलने वाली पाकिस्तान यहां दूसरे मैच में सीरीज हार से बचना चाहेगी।
पाकिस्तान की ओर से दूसरे टेस्ट में शाहिन अफरीदी नहीं खेल रहे हैं। अब तक खुर्रम शहजाद ने 6 विकेट चटका दिए हैं तो मिर हमजा ने 2 विकेट हासिल किए हैं। मोहम्मद अली, अबरार अहमद और आगा सलमान ने भी इस मैच में गेंदबाजी की है लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।