क्रिकेट

PAK vs SL: साहिबजादा फरहान की कप्तानी में पाकिस्तान आज रच सकता है इतिहास, श्रीलंका के खिलाफ चाहिए जीत

PAK vs SL: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज रावलपिंडी में खेला जाएगा। साहिबजादा फरहान की कप्तानी में पाकिस्तान के पास अपनी धरती पर श्रीलंका के खिलाफ पहली बार तीन मैचों की टी20 सीरीज जीतने का मौका है।
2 min read
• •
Oct 11, 2026
PAK vs SL
साहिदजादा फऱहान (फोटो- IANS)

PAK vs SL 2nd T20 Update: साहिबजादा फरहान की कप्तानी में पाकिस्तान की टीम आज श्रीलंका के खिलाफ टी20 क्रिकेट का इतिहास बदल सकती है। दोनों देशों के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला आज शाम 7 बजे से रावलपिंडी में खेला जाएगा। पाकिस्तान ने पहले मुकाबले में श्रीलंका को हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। अब दूसरा मुकाबला भी अगर पाकिस्तान जीत लेता है, तो ऐसा पहली बार होगा जब वह अपनी धरती पर श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज जीतेगा।

2007 में पहली बार हुई थी टक्कर

पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में पहली बार साल 2007 के टी20 वर्ल्डकप में आमने सामने हुई थीं, जब सुपर 4 में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 33 रन से हरा दिया था। 2009 में पहली बार दोनों टीमें आईसीसी इवेंट से हटकर आमने सामने हुई थीं। उस मैच को भी पाकिस्तान ने जीत लिया था। उसी साल दोनों टीमें टी20 वर्ल्डकप 2009 के फाइनल में भिड़ी थीं और पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था। हालांकि पाकिस्तान की टीम श्रीलंका को अपने घर में टी20 सीरीज के लिए कभी होस्ट नहीं कर पाया।

UAE में 3-0 से जीत चुका है पाकिस्तान

पहली बार पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें एक से ज्यादा टी20 मैचों की सीरीज के लिए 2012 में आमने-सामने हुई थीं, जहां मुकाबला 1-1 से बराबरी पर खत्म हुआ था। साल 2015 में जब पाकिस्तान की टीम श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टी20 सीरीज खेलने गई थी, तब उसने 2-0 से जीत हासिल की थी। इसके बाद श्रीलंका की टीम ने पाकिस्तान का दौरा किया, लेकिन मुकाबले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेले गए थे। उस सीरीज में पाकिस्तान ने 3-0 से जीत दर्ज की थी। हालांकि इस बार मैच पाकिस्तान में ही खेले जा रहे हैं और यह पहला मौका है, जब श्रीलंका की टीम पाकिस्तान दौरे पर तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलने आई है।

पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 182 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया था। उस मुकाबले में कप्तान साहिबजादा फरहान ने 89 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी, जबकि माज सदाकत ने भी अर्धशतक जड़ा था। अब पाकिस्तान की टीम दूसरे मुकाबले में जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।

Updated on:
11 Oct 2026 04:10 pm
Published on:
11 Oct 2026 04:10 pm