
Pakistan vs Sri Lanka 2nd Test: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में पाकिस्तानी गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका की पहली पारी को महज 98 रन पर समेट दिया। वहीं, पाकिस्तान ने समाचार लिखे जाने तक बिना कोई विकेट गंवाए 78 रन बना लिए थे। क्रीज पर अजान अवैस और तैयब आरिफ डटे हुए थे।
पाकिस्तान ने दूसरे टेस्ट मैच में टॉस जीता और श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब रही। पासिंदू सूर्याबंडारा और लाहिरू उदारा की सलामी जोड़ी अच्छी शुरुआत नहीं दे सकी। वहीं रही सही कसर नियमित अंतराल पर गिरते विकेट ने पूरी कर दी। श्रीलंकाई बल्लेबाजों की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इसे से लगाया जा सकता है कि उसके 36 के स्कोर पर 5 विकेट गिर चुके थे।
श्रीलंका की ओर से कुसल मेंडिस और सोनल दिनुषा ही कुछ हद तक पाकिस्तानी गेंदबाजों का सामना कर सके। कुसल मेंडिस जहां 32 रन बनाकर आउट हुए वहीं सोनल दिनुषा 21 रन ही बना सके। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा श्रीलंका का कोई बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका। इस तरह श्रीलंका की पूरी टीम 35.3 ओवर में 98 रन पर ऑलआउट हो गई।
पाकिस्तानी गेंदबाज शुरू से ही श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर हावी रहे। पाकिस्तान के मोहम्मद अब्बास ने 14 रन देकर 3 विकेट लिए। रजाउल्लाह ने 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए। आमिर जमाल ने भी 24 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि साकिब खान ने 1 सफलता अर्जित की।
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच रावलपिंडी में ही खेला गया था। दोनों टीमों के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था। पाकिस्तान ने 9 विकेट पर 434 रन बनाकर पहली इनिंग घोषित कर दी थी। इसके जवाब में श्रीलंका ने पहली पारी में 446 रन बनाकर मामूली बढ़त बनाई थी। वहीं आखिरी दिन पाकिस्तान ने 8 विकेट पर 284 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित कर दी थी। इस तरह दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला ड्रॉ रहा था।