
Pakistan Team fined: इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान को 3-0 की शर्मनाक हार के बाद एक और बड़ा झटका लगा है। एजबेस्टन में तीसरे और आखिरी टेस्ट में धीमी ओवर गति के लिए पाकिस्तान पर दोहरी मार पड़ी है, जिसमें उसे 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। पहले से ही आखिरी पायदान पर मौजूद पाकिस्तान टीम के मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में 11 पॉइंट्स काट लिए गए हैं। इसके साथ ही खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना भी ठोका गया है।
पाकिस्तान ने एजबेस्टन में अपनी पहली गेंदबाजी पारी में 89 ओवर फेंके और टाइम अलाउंस को ध्यान में रखने के बाद पाया गया कि वे जरूरी टारगेट से 11 ओवर कम फेंक पाए। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्लेइंग कंडीशंस के आर्टिकल 16.11.2 के तहत हर ओवर कम फेंकने के लिए टीम पर एक पॉइंट का जुर्माना लगता है। आईसीसी प्लेयर्स और प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के लिए कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत हर ओवर कम फेंकने पर खिलाड़ियों की मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। हालांकि, ज्यादा से ज्यादा जुर्माना उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत है। इसलिए पाकिस्तान की पूरी टीम पर मैच फीस का 50 प्रतिशत का जुर्माना लगाया गया है।
पाकिस्तान टीम को ये सजा मुश्किल दौरे के बाद लगाई गई है, जब लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट के बाद सात खिलाड़ियों को घर भेज दिया गया था। हेड कोच सरफराज अहमद को भी निकाल दिया गया और व्हाइट-बॉल कोच माइक हेसन को एजबेस्टन में कुछ समय के लिए उनकी जगह लगाया गया।
पाकिस्तान की टीम पहले से ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे था, अब इस चक्र में चार सीरीज में 9 टेस्ट के बाद 4.63 का पॉइंट्स परसेंटेज है, जिससे फाइनल में पहुंचने के उसके लिए दरवाजे पूरी तरह से बंद हो गए हैं। अब पाकिस्तान को नवंबर में दो टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका की मेजबानी करनी है, इससे पहले 2027 में न्यूजीलैंड की टीम भी पाकिस्तान के दौरे पर आएगी।