
बेन डकेट (फोटो- IANS)
SL vs ENG Tri ODI Series 2026: लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में एक बार फिर बेन डकेट ने शतकीय पारी खेली, जिससे इंग्लैंड ने श्रीलंका के सामने 387 रन का लक्ष्य रख दिया। ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 50 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 386 रन बनाए हैं। बेन डकेट के अलावा सलामी बल्लेबाज टॉम बैंटम ने 75 रन की पारी खेली। इंग्लैंड की टीम शुरुआती तीनों मैच हार गई थी, जिसकी वजह से वह फाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है। श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खिताबी मुकाबला 31 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका ने पिछले मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 430 रन के विशाल लक्ष्य को हासिल कर इतिहास रचा था। उसी प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए श्रीलंका ने फिर से रन चेज करने का फैसला किया। इंग्लैंड की शुरुआत इस मुकाबले में भी धमाकेदार रही और पहले विकेट के लिए टॉम बैंटन और बेन डकेट के बीच 163 रन की साझेदारी हुई। हालांकि, 25 ओवर खेलने के बाद इन दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 6.26 के रन रेट से रन बनाए।
टॉम बैंटन 74 रन बनाकर दासुन शनाका की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 2 छक्के लगाए। कप्तान हैरी ब्रूक ने 34 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 44 रन की पारी खेली। विल जैक्स 30 रन बनाकर आउट हुए, तो बेन डकेट ने 167 रन की धमाकेदार पारी खेली। यह लाहौर में उनका लगातार दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 105 रन की पारी खेली थी। हालांकि, इंग्लैंड की टीम उस मैच में हार गई थी और इस हार की वजह से उसे ट्राई सीरीज के फाइनल से बाहर होना पड़ा था।
बेन डकेट ने 132 गेंदों का सामना किया, जिसमें 24 चौके लगाए। इसके बाद विल जैक्स ने 30 और जॉर्डन कॉक्स ने 45 रनों की पारी खेली। सैम करन 12 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो ने 10 ओवर में 63 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, तो दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा और दासुन शनाका को भी एक-एक सफलता मिली।
Updated on:
29 Oct 2026, 5:34 PM IST
Published on:
29 Oct 2026, 5:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.