
नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम को एक और नया अफरीदी मिल गया है। पूर्व दिग्गज पाकिस्तानी ऑल राउंडर शाहिद अफरीदी की तरह इस क्रिकेटर को भी लंबी रेस का घोड़ा माना जा रहा है। इस क्रिकेटर का नाम है शाहीन अफरीदी। शाहीन बतौर तेज गेंदबाज पाकिस्तान की टीम में है। आज आस्ट्रेलिया के खिलाफ शाहीन ने अपनी गेंदबाजी के दम पर न केवल अपनी टीम को जीत दिलाई। बल्कि खुद को वसीम अकरम, वकार यूनुस जैसे दिग्गज तेज गेंदबाजों की फेहरिस्त में शामिल भी करा लिया। पाकिस्तान के क्रिकेट प्रशंसक शाहीन को टीम का नया सितारा मान रहे है।
पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया के बीच होगा फाइनल-
पाकिस्तान की क्रिकेट टीम इस समय जिमब्बावे में त्रिकोणीय टी-20 सीरीज खेल रही है। जहां आज पाकिस्तान का सामना ऑस्ट्रेलिया से हुआ। हरारे स्पोट्स क्लब में हुए इस मैच में पाकिस्तान की टीम ने 45 रनों के अंतर से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान की टीम इस सीरीज के फाइनल में पहुंच चुकी है। जहां आठ जुलाई को पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
पाकिस्तान ने की पहले बल्लेबाजी-
इस मैच में आस्ट्रेलिया की टीम ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम सलामी बल्लेबाज फखर जमां की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 194 रन बनाए। पाक टीम की ओर से फखर ने 42 गेंदों पर 73 रनों की पारी खेली। जमां के अलावा अंतिम ओवरों में आसिफ अली ने 37 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। शोएब मलिक ने 27 जबकि हुसैन तलत ने 30 रनों का योगदान दिया।
फखर जमां बने मैन ऑफ द मैच-
195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आस्ट्रेलियाई टीम की बल्लेबाजी इस मैच में फीकी रही। टीम के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर आउट होते रहे। कंगारू टीम की सबसे बड़ी पारी विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स केरी ने 37 रनों की खेली। पिछले मैच में टी-20 का सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले कंगारू कप्तान इस मैच में 16 रन बनाकर चलते बने। पाक टीम की ओर से शाहीन अफरीदी ने सबसे ज्यादा तीन बल्लेबाजों को आउट किया। मैन ऑफ द मैच का अवार्ड फखर जमां को दिया गया।