PAK vs AUS ODI Series 2026: PCB ने 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान की 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। टीम में 15 हजार इंटरनेशनल रन बनाने वाले बल्लेबाज की वापसी हो गई है।
Pakistan Full ODI Squad: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान ने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम से मोहम्मद रिजवान की छुट्टी हो गई है, जबकि बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह और शादाब खान की वापसी हो गई है। इसके अलावा हारिस रऊफ और सुफियान मुकीम को भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुना गया है। आपको बता दें कि ये सभी 6 खिलाड़ी बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थे।
इस टीम की अगुवाई शाहीन शाह अफरीदी (Shaheen Shah Afridi) करेंगे, जबकि सलमान आगा (Salman Agha) को उपकप्तान बनाया गया है। बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज से जब बाबर आजम को ड्रॉप किया गया था, तब उन्होंने कहा था कि वह अभी भी तीनों फॉर्मेट खेलना चाहते हैं और उनका फोकस तीनों फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन करने पर है।
आपको बता दें कि वनडे सीरीज की शुरुआत 30 मई से होगी, जिसके मुकाबले रावलपिंडी और लाहौर में खेले जाएंगे। पहला मुकाबला 30 मई को रावलपिंडी में खेला जाएगा, जिसे भारत में शाम 5 बजे से देखा जा सकेगा। दूसरा वनडे 2 जून को गद्दाफी स्टेडियम खेला जाएगा, जबकि सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 4 जून को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में ही खेला जाएगा।
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहने वाले बाबर आजम ने पाकिस्तान सुपर लीग में कमाल का प्रदर्शन किया था। वह अब तक तीनों फॉर्मेट मिलाकर 15 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं। बाबर ने टेस्ट क्रिकेट में 4,481 रन बनाए हैं तो वनडे में 6.501 और टी20 इंटरनेशनल में 4596 रन बनाए हैं।
लाहौर में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे डेब्यू करने वाले बाबर आजम अब तक 140 मैच खेल चुके हैं और 53.72 की औसत से रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 20 शतक और 37 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। वह वनडे में लगातार 3 शतक लगाने वाले दुनिया के चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हैं। 2027 वर्ल्डकप को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान के लिए बाबर महत्वपूर्ण हो सकते हैं। हालांकि उन्होंने नवंबर 2025 के बाद से कोई भी वनडे मैच नहीं खेला है।