
Sarthak Ranjan Fifty in DPL 2026: बिहार के पूर्णिया जिले से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में धमाकेदार पारी खेली है। सोमवार की रात अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग के सातवें मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ उन्होंने 39 गेंदों में 64 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
29 साल के इस बल्लेबाज ने साल 2018 में ही दिल्ली की टी-20 टीम में डेब्यू किया था, लेकिन अब तक न तो उन्हें भारतीय राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है और न ही वे आईपीएल (IPL) में खेल पाए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सेटअप का हिस्सा रहे सार्थक अभी भी आईपीएल में अपनी जगह तलाश रहे हैं। हालांकि, जिस तरह का केकेआर का मौजूदा स्क्वाड है, उसमें प्लेइंग-11 या इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर जगह बनाना काफी चुनौतीपूर्ण है।
दिल्ली प्रीमियर लीग से कई ऐसे खिलाड़ी निकले हैं जो आईपीएल में अपनी पहचान बना चुके हैं, जिनमें प्रियांशु आर्य एक बड़ा नाम हैं। ऐसे में सार्थक रंजन की यह तूफानी पारी उनके लिए आईपीएल के दरवाजे खोलने का काम कर सकती है।
इस मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने कप्तान सार्थक रंजन के 64 और यश भाटिया के 90 रनों की बदौलत 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 10 गेंद शेष रहते 4 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।
सेंट्रल दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उनके कप्तान यश ढुल सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि सिद्धार्थ जून ने 31 और युगल सैनी ने 20 रन बनाए। इसके अलावा वंश बेदी भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। हालांकि, इसके बाद जोंटी सिद्धू और आदित्य भंडारी की बेहतरीन पारियों ने सेंट्रल दिल्ली को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। बचा हुआ काम जसवीर शेरावत और केशव डबास ने पूरा करते हुए 18.2 ओवर में ही टीम को जीत दिला दी।
यह सेंट्रल दिल्ली किंग्स की लगातार तीसरी जीत है, जबकि नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स का यह पहला ही मुकाबला था, जिसमें उसे हार झेलनी पड़ी। अब 5 अगस्त को सेंट्रल दिल्ली का मुकाबला पुरानी दिल्ली 6 से होगा, तो वहीं 5 अगस्त को ही नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की भिड़ंत ईस्ट दिल्ली राइडर्स से होगी।