
कोलकाता : ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। आईपीएल-2020 की नीलामी में उन पर 15.50 करोड़ रुपए की बोली लगी। उन्होंने इंग्लैंड के हरफनमौला बेन स्टोक्स को इस मामले में पीछे छोड़ा। स्टोक्स को 14.50 करोड़ में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स ने अपनी टीम के साथ जोड़ा था। कमिंस इस बार नीलामी में दो करोड़ रुपए की बेस प्राइस के साथ आए थे। कमिंस आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बनने से महज 50 लाख रुपए से चूक गए। बता दें कि युवराज सिंह अभी तक आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। उन्हें 16 करोड़ रुपए में दिल्ली डेयरडेविल्स ने खरीदा था।
कमिंस ने जताई खुशी
आईपीएल में इतनी ज्यादा कीमत मिलने पर पैट कमिंस ने वीडियो जारी कर खुशी जताई। केकेआर के साथ एक बार जुड़ने से वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि दोबारा केकेआर के साथ जुड़कर वह बेहद उत्साहित हैं। वह कुछ साल पहले भी इस टीम के साथ थे। उन्होंने कहा कि केकेआर के मुख्य कोच ब्रैंडन मैक्कुलम के साथ काम करने को वह बेताब हैं।
इन टीमों के साथ खेल चुके हैं कमिंस
कमिंस 2014 में केकेआर के साथ खेल चुके हैं। लेकिन उनके प्रदर्शन में निरंतरता पिछले तीन साल में आई है। इसके बाद ही वह बड़े नाम बने हैं। 2017 में वह दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए खेल चुके हैं। पिछले सीजन वह मुंबई इंडियंस ने उन्हें 5.4 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा था, लेकिन चोट के कारण वह बाहर हो गए थे।