अपनी आज की 159 रनों की पारी के दौरान रोहित शर्मा ने पांच छक्के लगाए। इस दौरान उन्होंने एक कैलेंडर ईयर में 75 छक्के लगाने का कारनामा किया। इस मामले में उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। पिछले साल उन्होंने 74 और 2017 में 65 छक्के लगाए थे। अगर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में निजी रूप से सबसे अधिक रन की बात की जाए तो सर्वकालिक सबसे अधिक रनों का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। वह एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वोच्च 264 रनों की पारी खेल चुके हैं। लेकिन पिछले सात सालों की अगर बात करें तो भारत की ओर से हर साल वनडे में सर्वाधिक व्यक्तिगत रन की पारी खेलने का अद्भुत रिकॉर्ड उनके नाम है। वह 2013 से अब तक हर बार वनडे में सर्वाधिक स्कोर बना रहे हैं। 2013 में उन्होंने 209, 2014 में 264, 2015 में 150, 2016 में 171 नाबाद, 2017 में 208 नाबाद, 2018 में 162 और 2019 में अधिकतम 159 रन उन्होंने बनाए हैं।