मेलबर्न : ऑस्ट्रेलिया की टीम अगले साल जनवरी में भारत दौरे पर तीन वनडे मैच की सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में टेस्ट मैचों में जबरदस्त फॉर्म में चल रहे मार्नस लाबुशाने को पहली बार एकदिवसीय टीम में जगह दी है। 25 साल के लाबुशाने ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया के लिए अब तक 12 टेस्ट मैच खेले हैं और 58.05 की औसत से 1103 रन बनाए हैं।
भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम की कमान एक बार फिर एरॉन फिंच को सौंपी गई है, जबकि दो खिलाड़ी एलेक्स कैरी और पैट कमिंस को उपकप्तानी की कमान दी गई है। इस टीम में सीन एबॉट और केन रिचर्डसन के साथ-साथ पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड को भी टीम में शामिल किया है, जबकि स्पिन विभाग की जिम्मेदारी एडम जम्पा और एश्टन एगर के कंधों पर होगी।