Yusuf Pathan खुद जाकर बाढ़ पीड़ितों को उनकी बुनियादी जरूरतों की चीजें मुहैया करा रहे हैं।
बड़ौदा : भारतीय क्रिकेट टीम ( Indian cricket team ) से बाहर चल रहे इरफान पठान ( Irfan Pathan ) और युसूफ पठान ( Yusuf Pathan ) ने इंसानियत की मिशाल कायम की है। टीम इंडिया के ये दोनों मशहूर क्रिकेटर क्रिकेट के साथ-साथ अपने मानवीय कारणों के लिए भी जाने जाते हैं। अब ये दोनों खिलाड़ी तन-मन-धन से अपनी पूरी टीम के साथ गुजरात में आए बाढ़ पीड़ितों की मदद में जुटे हैं। युसूफ पठान तो अपनी टीम के साथ खुद शरणार्थी शिविरों में और बाढ़ की वजह से अन्य जगहों पर फंसे लोगों के पास जाकर उनकी सेवा में लगे हैं।
बाढ़ से है गुजरात का बुरा हाल
मानसूनी बारिश की वजह से आई बाढ़ की वजह से भारत के कई इलाकों की हालत बहुत बुरी है। गुजरात की हालत इनमें सबसे खराब है। इस राज्य में बाढ़ के कारण हजारों लोग घर-बार छोड़कर शरणार्थी शिविरों में रह रहे हैं। बड़ौदा की बात करें तो पिछले कुछ दिनों में भारी वर्षा हुई है और यह अब भी जारी है। इस कारण लोग घरों में फंसे पड़े हैं। उनके खाने-पीने के लाले पड़ गए हैं। ऐसे मौके पर पठान बंधु उनके लिए मसीहा बनकर सामने आए हैं।
पठान बंधुओं ने बढ़ाया मदद का हाथ
बड़ौदा के बाढ़ पीड़ितों के लिए पठान बंधु इरफान और यूसुफ अपनी टीम के साथ लगे हुए हैं। इन दोनों ने मदद के लिए अपना दरवाजा खोल दिया है। इनकी टीम बड़ौदा बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन-पानी के साथ जीवन की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने में लगी है।
हॉस्टल में फंसी लड़कियों को ट्वीट कर किया मदद का वादा
युसूफ पठान तो खुद प्रभावित इलाकों में जाकर बाढ़ पीड़ितों की सेवा में लगे हैं। वहीं इरफान पठान जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम की प्रतिबद्धताओं के कारण वहां मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनकी टीम मौके पर मौजूद है। वह भी सोशल मीडिया के जरिये उनसे जुड़े हुए हैं। ट्विटर पर एक प्रशंसक फरहीन नाज ने यूसुफ और इरफान पठान को टैग कर मदद मांगी। उन्होंने लिखा, सर, कई ऐसी लड़कियां हैं, जो बारिश के कारण अपने हॉस्टल में फंसी हुई हैं और उनके पास खाने के लिए कुछ नहीं है। तीन दिनों से उन्होंने कुछ नहीं खाया है। यदि संभव हो तो कुछ भोजन का इंतजाम कर दीजिए। इसके बाद लड़की ने अपने हॉस्टल का पता लिखा था। इरफान ने उस ट्वीट का कुछ घंटों के भीतर जवाब दिया- हमारी टीम का कोई सदस्य आपसे तुरंत संपर्क करेगा और आपकी मदद करेगा।