
अक्षर पटेल और ऋतुराज गायकवाड़ (फोटो- IANS)
IPL 2026 DC vs CSK: आईपीएल 2026 का 48वां मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां दिल्ली कैपिटल्स का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। दोनों टीमें अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने 9 में से 4 मैच जीतकर 8 अंकों के साथ छठे स्थान पर कब्जा किया हुआ है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स का भी यही हाल है, लेकिन नेट रन रेट माइनस में होने की वजह से टीम सातवें स्थान पर है।
इस मुकाबले को जो भी टीम जीतेगी, उसके खाते में दो अंक और जुड़ जाएंगे। अगर चेन्नई सुपर किंग्स यह मुकाबला जीतती है, तो उसके 10 अंक हो जाएंगे और फिर बचे हुए चार में से तीन मैच जीतकर वह प्लेऑफ में पहुंच सकती है। दिल्ली के बाद चेन्नई सुपर किंग्स को दो मुकाबले लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलने हैं, जो लगातार होंगे। इसके बाद उसका सामना सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस से होगा।
लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है, जबकि गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ की रेस में बनी हुई हैं, ऐसे में उन्हें हराना आसान नहीं होगा। चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले 6 में से सिर्फ 2 ही मैच जीते हैं। ऐसे में बचे हुए 5 में से 4 मैच जीतना टीम के लिए बड़ी चुनौती होगी।
दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन इस सीजन मिला-जुला रहा है। टीम ने लगातार दो जीत के साथ सीजन की शुरुआत की, लेकिन पिछले चार में से सिर्फ एक ही मैच जीत पाई है। अगर दिल्ली, चेन्नई सुपर किंग्स को हराती है तो वह अंक तालिका में सीएसके का स्थान ले लेगी, लेकिन उसका माइनस नेट रन रेट उसकी मुश्किलें बढ़ा सकता है। दिल्ली को चेन्नई के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं। इस दौरान केकेआर के साथ उसके दो मैच होंगे और वह भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। वहीं पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स इस सीजन के प्लेऑफ की मजबूत दावेदारों में शामिल हैं।
ऐसे में प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दिल्ली कैपिटल्स को न सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी, बल्कि आने वाले मुकाबलों में भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करनी होगी और अपना नेट रन रेट भी बेहतर करना होगा।
Updated on:
05 May 2026 06:25 pm
Published on:
05 May 2026 06:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
