5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘मुंबई इंडियंस को उनका ख्याल रखने की जरूरत’, जानें रवि शास्त्री ने जसप्रीत बुमराह के लिए ऐसा क्यों कहा

Jasprit Bumrah in IPL 2026: मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के लिए ये सीजन अच्छा नहीं रहा है। वह अब तक 10 मैच खेलकर सिर्फ 3 विकेट हासिल कर पाए हैं।

2 min read
Google source verification
Mumbai Indians Jasprit Bumrah

जसप्रीत बुमराह (फोटो- IANS)

Ravi Shastri on Jasprit Bumrah: दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में से एक जसप्रीत बुमराह के लिए ये आईपीएल (IPL) सीजन अच्छा नहीं रहा है। अब तक 10 मैच खेलने के बाद वह सिर्फ 3 विकेट ही हासिल कर पाए हैं। टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने बुमराह की फॉर्म में आई गिरावट पर चिंता जताई है। इसके पीछे की उन्होंने वजह भी समझाने की कोशिश की है। इसके अलावा शास्त्री ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) से आग्रह किया है कि वे अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर (भारतीय क्रिकेट टीम के लिए मुकाबले) को देखते हुए अपने इस प्रमुख तेज गेंदबाज का ध्यान रखें।

MI ने बुमराह का ध्यान रखने का किया आग्रह

शास्त्री ने 'जियोहॉटस्टार' से बात करते हुए कहा, "बुमराह पिछले 12 महीनों में भारतीय टीम (Indian Cricket Team) के साथ भारी वर्कलोड के बाद इस आईपीएल में उतरे हैं। उनका संघर्ष सिर्फ शारीरिक नहीं है। मानसिक थकान इसकी एक बड़ी वजह है। मुंबई इंडियंस को उनका ख्याल रखने की जरूरत है। अगले 2 वर्षों में एक व्यस्त कार्यक्रम है। भविष्य में कई टेस्ट सीरीज और वनडे विश्व कप है। इसलिए उनकी फिटनेस और वर्कलोड का प्रबंधन बहुत सावधानी से करना होगा।"

इस सीजन में बुमराह का प्रदर्शन चिंताजनक रहा है, जहां 10 मुकाबलों में उन्हें सिर्फ तीन विकेट मिले हैं। वह एमआई के सबसे किफायती गेंदबाजों में से एक रहे हैं और उन्होंने कसी हुई गेंदबाजी की है, लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिल पाए। एक चिंताजनक दौर ऐसा भी आया, जब वह लगातार 5 मुकाबलों में एक भी विकेट नहीं ले सके थे।

बुमराह ने 20 अप्रैल को गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) के खिलाफ 15 रन देकर 1 विकेट लिया था। यह इस सीजन उनका पहला विकेट था। अगले मुकाबले में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के खिलाफ 1 विकेट लिया। सीएसके के खिलाफ अगले मैच में भी बुमराह को 1 विकेट मिला था। शास्त्री का मानसिक थकान पर जोर क्रिकेटर्स के सामने आने वाली एक व्यापक समस्या को उजागर करता है। सभी फॉर्मेट में भारत के लगातार व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए बुमराह टेस्ट, वनडे और टी20—तीनों फॉर्मेट में टीम की योजनाओं का केंद्र रहे हैं।