
अक्षर पटेल (फोटो- IANS)
Axar Patel Captaincy in IPL 2026: आईपीएल 2026 का 48वां मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। यह वही मैदान है, जहां अक्सर कप्तान टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने के फैसले से बचते हैं। लेकिन इसी मैदान पर अक्षर पटेल ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। यही वह मैदान है, जहां पंजाब किंग्स ने कुछ दिन पहले 264 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया था। आईपीएल के इतिहास में इससे पहले कभी भी इतना बड़ा लक्ष्य चेज़ नहीं किया गया था।
इसी मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद ने केकेआर के खिलाफ साल 2025 में पहले बल्लेबाजी करते हुए 278 रन बनाए थे और 110 रन से मुकाबला अपने नाम किया था। यह आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। आपको बता दें कि दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 2024 आईपीएल के बाद से अब तक सिर्फ तीन बार ऐसा हुआ है, जब कप्तानों ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
इस सीजन की बात करें तो अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया था, जिसमें मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी की थी और वह छह विकेट से हार गई थी। लेकिन अगले ही मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी की और दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हरा दिया।
इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए, लेकिन पंजाब किंग्स ने छह विकेट से वह मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पहले बल्लेबाजी की और 75 रन पर ढेर हो गई, जिसे बेंगलुरु ने 9 विकेट से जीत लिया। ऐसे में यहां पहले बल्लेबाजी करने का फैसला सुरक्षित नहीं माना जाता है। इसके बावजूद अक्षर ने ऐसा किया।
अक्षर पटेल ने टॉस के समय बताया कि उन्हें पिच अच्छी लग रही है, जो दूसरी पारी में गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी के लिए पिच काफी अच्छी है, लेकिन दूसरी पारी में जब यह धीमी हो जाएगी, तो उनके गेंदबाज इसका फायदा उठा सकते हैं। यही वजह है कि उन्होंने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
हालांकि, ऋतुराज गायकवाड़ ने पिच को लेकर अलग राय रखी। उन्होंने कहा कि पिच सूखी लग रही है, लेकिन इससे यह फर्क नहीं पड़ता कि पहले बल्लेबाजी करें या बाद में।
Published on:
05 May 2026 08:20 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
