क्रिकेट

IPL 2026: अर्शदीप सिंह ने एक ओवर में 11 गेंद फेंक बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड, ये पांच गेंदबाज भी कर चुके ऐसा

PBKS vs GT: मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने 20वें ओवर में कुल 11 बॉल फेंकी। इसी के साथ उन्होंने एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
2 min read
• •
Updated: 1 Apr 2026, 7:38 AM IST
arshdeep singh Punjab Kings
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (photo - IPL official Site)

Arshdeep Singh, Punjab Kings vs Gujarat Titans, IPL 2026: पंजाब किंग्स (PBKS) के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का नाम अनचाही फेहरिस्त में जुड़ गया है। बाएं हाथ के 27 वर्षीय गेंदबाज ने मंगलवार को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के चौथे मुकाबले में एक ही ओवर के दौरान 11 गेंदें फेंकीं। यह आईपीएल इतिहास में गेंदों के हिसाब से संयुक्त रूप से सबसे लंबा ओवर है। अर्शदीप से पहले 5 अन्य गेंदबाज ऐसा कर चुके थे।

मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में में खेले गए इस मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने गुजरात टाइटंस की पारी के 20वें ओवर में कुल 11 बॉल फेंकी। टाइटंस 19 ओवरों के खेल तक 6 विकेट खोकर 150 रन बना चुकी थी।

अर्शदीप सिंह ने फेंका 11 गेंद का ओवर

इसके बाद गेंद अर्शदीप को सौंपी गई, जिन्होंने नए ओवर की पहली ही गेंद वाइड फेंकी। अगली दो लीगल डिलीवरी पर राहुल तेवतिया कोई रन नहीं बना सके। ओवर की तीसरी गेंद पर तेवतिया ने चौका लगाया। अर्शदीप ने इसके बाद एक नो-बॉल और दो वाइड फेंकी। ओवर की चौथी लीगल डिलीवरी डॉट रही। पांचवीं गेंद पर तेवतिया ने सिंगल चुराया, लेकिन अगली ही गेंद अर्शदीप ने वाइड फेंक दी। आखिरकार, 134.1 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से राशिद खान को फेंकी गेंद इस ओवर की अंतिम डिलीवरी साबित हुई।

अर्शदीप से पहले ये खिलाड़ी कर चुके हैं ऐसा

अर्शदीप से पहले मोहम्मद सिराज (साल 2023), तुषार देशपांडे (साल 2023), शार्दुल ठाकुर (साल 2025), संदीप शर्मा (साल 2025) और हार्दिक पंड्या (साल 2025) एक ही ओवर में 11 गेंदें फेंक चुके थे।

पंजाब ने आसानी से जीता मैच

न्यू चंडीगढ़ में खेले जा रहे इस मुकाबले की बात करें, तो टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी गुजरात टाइटंस ने 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल ने सर्वाधिक 39 रन टीम के खाते में जोड़े। जोस बटलर ने 38 रन का योगदान दिया। इनके अलावा, ग्लेन फिलिप्स ने 25 रन टीम के खाते में जुटाए। पंजाब किंग्स की तरफ से विजयकुमार वैशाक ने 3 विकेट हासिल किए। युजवेंद्र चहल को 2 विकेट और मार्को यानसन को 1 विकेट हाथ लगा।

Updated on:
1 Apr 2026, 7:38 AM IST
Published on: