क्रिकेट

PBKS vs SRH: अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी, सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट खोकर बनाए 219 रन

सनराइजर्स हैदराबाद की भिड़ंत मुल्लांपुर के महाराज यदविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स के साथ हो रही है। हैदराबाद पहले बल्लेबाजी करते हुए ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 219 रन बनाए हैं।
less than 1 minute read
Apr 11, 2026
Feature image
SRH के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Photo - BCCI)

Punjab Kings vs Sunrisers Hyderabad, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का 17वां मुकाबला पिछले सीजन की उपविजेता पंजाब किंग्स (PBKS) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जा रहा है। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के ताबड़तोड़ अर्धशतक की मदद से पंजाब किंग्स के सामने 220 रनों का लक्ष्य रखा है।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 8.1 ओवर में 120 रन जोड़े। अभिषेक ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 28 गेंदों में 74 रनों की धमाकेदार पारी खेली। अपनी इस पारी में बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 264 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 5 चौके और 8 छक्के लगाए। वहीं, हेड ने 23 गेंदों में 38 रनों का योगदान दिया। कप्तान ईशान किशन अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 17 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के के साथ 27 रन बनाने के बाद अर्शदीप सिंह का शिकार बने।

अनिकेत वर्मा ने 9 गेंदों में 18 रन बनाए। हालांकि, हेनरिक क्लासेन एक छोर को संभालकर खड़े रहे और उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 39 रनों की सूझबूझ भरी पारी खेली। साहिल अरोड़ा ने एक बार फिर अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह सिर्फ 9 रन ही बना सके। गेंदबाजी में पंजाब किंग्स की ओर से अर्शदीप सिंह और शशांक सिंह ने दो-दो विकेट चटकाए। हालांकि, अर्शदीप काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में 50 रन खर्च किए। वहीं, जेवियर बार्टलेट ने एक विकेट अपने नाम किया।

Updated on:
11 Apr 2026 06:21 pm
Published on:
11 Apr 2026 06:19 pm