क्रिकेट

टी-20 में पाकिस्तान की शर्मनाक हार के बाद पीसीबी ने लिया बड़ा फैसला, अब इस दिग्गज को दी जिम्मेदारी

पीसीबी ने सीमित ओवर प्रारूप के लिए शाहिद असलम को एक बार फिर राष्ट्रीय टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। यह पहली बार नहीं है जब उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट टीम का कोच बनाया गया है।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2024, 7:29 PM IST
Feature image

ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर मेजबान टीम के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप झेलने वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बड़ा फैसला लिया है। दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आगामी जिम्बाब्वे दौरे के मद्देनजर पूर्व क्रिकेटर शाहिद असलम को पाकिस्तान पुरुष क्रिकेट टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है।

पीसीबी के प्रवक्ता ने मंगलवार को पुष्टि की कि असलम राष्ट्रीय टीम के साथ पूर्णकालिक बल्लेबाजी कोच के रूप में काम करेंगे। इसके अलावा, प्रवक्ता ने यह भी बताया कि जल्द ही पाकिस्तान के लिए स्पिन गेंदबाजी कोच भी नियुक्त किया जाएगा क्योंकि बोर्ड प्रबंधन इसकी तलाश में है।

शाहिद असलम पहली बार नहीं है जब वह पाकिस्तान क्रिकेट टीम से जुड़े हैं। इससे पहले शाहिद असलम बतौर सहायक कोच, क्षेत्ररक्षण कोच और सहायक मैनेजर के तौर पर पाकिस्तान टीम के साथ काम कर चुके हैं। हालाकि पिछले दो वर्षों से लाहौर के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में कोच के तौर पर काम कर रहे थे।

असलम को सीमित ओवर प्रारूप के कोच आकिब जावेद की सिफारिश पर बल्लेबाजी कोच के रूप में लाया गया है।जेसन गिलेस्पी की ओर से सभी प्रारूपों का कोच बनने की पेशकश ठुकराए जाने के बाद पीसीबी ने सोमवार को आकिब को चैंपियंस ट्रॉफी तक के लिए पाकिस्तान टीम का कोच नियुक्त किया था।

इससे पहले पूर्व टेस्ट कप्तान मोहम्मद यूसुफ राष्ट्रीय टीम के कोच के बल्लेबाजी कोच के तौर पर काम कर रहे थे लेकिन फिर उन्हें राष्ट्रीय चयनकर्ता बना दिया गया। हालाकि उन्होंने चयनकर्ता और बैटिंग कोच के तौर पर इस्तीफा दे दिया था और हाई परफॉर्मेंस सेंटर से जुड़ गए थे। हाल ही में उन्होंने हाई परफॉर्मेंस सेंटर में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था लेकिन पीसीबी ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था।

Updated on:
19 Nov 2024, 7:29 PM IST
Published on: