6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Under-19 World Cup Final: वैभव सूर्यवंशी का धमाका, दिग्गजों की लिस्ट में हुए शामिल

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत के वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया है! जानिए खिताबी मुकाबले में किन-किन बल्लेबाजों ने अब तक शतक लगाए हैं और वैभव ने कैसे मचाया मैदान पर धमाल।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Anshika Verma

Feb 06, 2026

भारतीय युवा बल्‍लेबाज वैभव सूर्यवंशी का शतक (2026), मनजोत कालरा (2018), उन्मुक्त चंद (2012)। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/espncricinfo)

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में भारत और इंग्लैंड के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिल रही है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 411 रन बनाए। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में यह सबसे बड़ा स्कोर है और साथ ही किसी भी आईसीसी लिमिटेड ओवर फॉर्मेट क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल में आज तक इतना स्कोर पहले कभी नहीं बना। इस खिताबी मुकाबले में भारतीय युवा वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया है। वैभव अब उन चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं जिन्होंने वर्ल्ड कप के फाइनल जैसे बड़े मंच पर शतक जड़ने का कारनामा किया है।

दूसरा सबसे तेज शतक

खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 'तबाही' मचा दी। उन्होंने महज 55 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के विल मालाचेक के नाम है जिन्होंने इसी वर्ल्ड कप में जापान के खिलाफ 51 गेंदों में शतक बनाया था। वैभव ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर सिर्फ 90 गेंदों में 142 रनों की साझेदारी की। वैभव 80 गेंद पर 175 रन बनाकर आउट हुए।

वैभव से पहले ये थे शतकवीर

वैभव सूर्यवंशी से पहले भारत के केवल दो ही बल्लेबाज अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगा पाए थे, लेकिन अब वैभव इस एलीट क्लब में शामिल होने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। भारत के लिए यह सिलसिला साल 2012 में शुरू हुआ था, जब कप्तान उन्मुक्त चंद ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टाउन्सविल में नाबाद 111 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर भारत को खिताब दिलाया और 'मैन ऑफ द फाइनल' बने। इसके बाद साल 2018 में मनजोत कालरा ने माउंट माउंगानुई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 217 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 101 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत चौथी बार विश्व विजेता बनने में सफल रहा था।

  • ब्रेट विलियम्स (ऑस्ट्रेलिया): साल 1988 में पाकिस्तान के खिलाफ 108 रन (फाइनल में पहला शतक)।
  • स्टीफन पीटर्स (इंग्लैंड): साल 1998 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 107 रन।
  • जैराड बर्क (ऑस्ट्रेलिया): साल 2002 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 100 रन।
  • उन्मुक्त चंद (भारत): 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 111* रन।
  • मनजोत कालरा (भारत): 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 101* रन।
  • वैभव सूर्यवंशी (भारत): 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ 100+ रन।

फाइनल में शतक जड़ने वाले तीन अंतरराष्ट्रीय धुरंधर

अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक कुल 6 बल्लेबाजों ने फाइनल में शतक लगाए हैं, जिनमें 3 भारतीय और 3 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। सबसे पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ब्रेट विलियम्स ने 1988 में पाकिस्तान के खिलाफ 108 रन बनाए थे। उसके बाद साल 1998 में स्टीफन पीटर्स ने इंग्लैंड की तरफ से न्यूजीलैंड के खिलाफ 107 रनों की पारी खेली थी। फिर 2002 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के जैराड बर्क ने नाबाद 100 रन बनाए थे।