
नई दिल्ली। क्रिकेट मैच की समाप्ति के बाद पाकिस्तान के बल्लेबाजों को अंग्रेजी छोड़ हिंदी और उर्दू में बात करते हुए आपने कई बार देखा होगा। पाकिस्तान के कप्तान सहित कई दिग्गज क्रिकेटरों को अंग्रेजी की जानकारी बहुत कम है। ऐसा होना कोई गलत नहीं है, खिलाड़ी बचपन से ही खेल के प्रति इतना समर्पित होता है कि उन्हें पढ़ाई का मौका कम ही मिल पाता है। भारत सहित अन्य देशों के भी कई क्रिेकेटर शुरुआत में अंग्रेजी में तंगभाषी रहे हैं। लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी इतने कम जानकार होंगे, इसकी उम्मीद बहुत कम ही लोगों को रही होगी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट जिसे पूरी दुनिया में फॉलो किया जाता है, उसपर काफी तथ्यहीन और त्रुटियों के साथ पोस्ट किए जा रहे हैं।
एशिया कप 2018 में बुधवार को हो रहे आखिरी सुपर फोर मुकाबले में पाकिस्तान का सामना बांग्लादेश से हो रहा है। शेख जायद स्टेडियम में हो रहे इस मुकाबले में बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल से लेकर अन्य सभी खेल संगठनों ने इस बात की जानकारी ट्वीट से भी दी है।
लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जो ट्वीट किया, उसमें तथ्य के साथ-साथ भाषागत गलतियां भी थी।पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ट्वीट करते हुए लिखा ," Pakistan win the toss and going to bat first. मतलब कि पाकिस्तान ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। जबकि हकीकत ठीक उलट थी।
इस एक लाइन की ट्वीट में तथ्य के साथ-साथ भाषागत त्रुटियां भी थी। Pakistan win the toss and going to bat first की बजाए Pakistan won the toss and going to bat first लिखा जाना चाहिए था। इस ट्वीट के बाद लोगों ने पीसीबी को ट्रोल करना शुरू किया। ट्रोल शुरू होने के बाद किसी की नजर उस ट्वीट पर गई। इसके तुरंत बाद इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया।
यहां बता दें कि इससे पहले भी पीसीबी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से कई बार गलत पोस्ट किए गए हैं। पाकिस्तान के अधिकारियों को यह समझना चाहिए कि कम से कम आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ भी लिखते समय थोड़ा ध्यान रखा जाए। कारण कि सोशल मीडिया के इस दौर में ज्यादातर जानकारियां लोगों तक इन्हीं माध्यमों से पहुंचती है।