साल 2025 में भारत के खेल की दुनिया से तलाक के कई मामले सामने आए हैं। क्रिकेटर स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुच्छल की शादी के टलने की खबरों के बीच हम उन्हीं शादियों की चर्चा कर रहे हैं, जो इस साल टूट गईं।
Indian Sports Persons to get Divorced in 2025: भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुच्छल की शादी 23 नवंबर 2025 को होनी थी, लेकिन अचानक ही यह शादी टल गई। सोशल मीडिया पर कथित तौर पर उनके मंगेतर पलाश मुच्छल की वायरल चैट को इसकी वजह बताया जा रहा है। भारत के कई ऐसे मशहूर खिलाड़ी हैं, जिनका इस साल 2025 में तलाक हो गया। आज हम उन्हीं खिलाड़ियों के बारे में बताएंगे जिनका इस साल तलाक हो गया है।
भारत के फिरकी गेंदबाज युज़वेन्द्र चहल का लंबे समय तक अलग रहने के बाद इस साल तलाक हो गया। चहल कोविड-19 के दौरान डांस कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा से मिले थे। धनश्री से डांस की ऑनलाइन क्लास लेते समय ही उन्हें एक-दूसरे से प्यार हो गया। अगस्त 2020 में सगाई के बाद दिसंबर में उन्होंने शादी कर ली। लेकिन शादी के दो साल बाद ही जून 2022 से वे अलग रहने लगे और मार्च 2025 में दोनों ने तलाक ले लिया।
भारत की ओलंपिक विजेता बॉक्सर एम.सी. मैरी कॉम ने अपने पति करुंग ओन्खोलर कॉम से तलाक ले लिया है। उन्होंने 20 दिसंबर 2023 को कानूनी रूप से तलाक ले लिया था, लेकिन इस तलाक की पुष्टि उन्होंने मई 2025 में एक सोशल मीडिया पोस्ट से की। मैरी कॉम और करुंग की शादी 2005 में हुई थी और इनके 4 बच्चे भी हैं।
भारत के शटलर साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप की मुलाकात 1997 में एक कैंप के दौरान हुई थी। दोनों ने हैदराबाद स्थित पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी में ट्रेनिंग ली थी। 2018 में साइना नेहवाल और पारुपल्ली ने शादी की, लेकिन शादी के 7 साल बाद साइना ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी डालकर तलाक की जानकारी दी। साइना ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुकी हैं और विश्व की नंबर-1 शटलर रह चुकी हैं।
इन सबके अलावा भारत के कई ऐसे मशहूर खिलाड़ी हैं जिनका पिछले कुछ सालों में तलाक हुआ है। इनमें सबसे बड़ा नाम है शिखर धवन। धवन ने लगभग 8 साल की शादी के बाद आएशा मुखर्जी के साथ 2023 में तलाक ले लिया। धवन को उनके बेटे जोरावर की कस्टडी नहीं मिली। साल 2024 में भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी नताशा स्टेनकोविक से आपसी सहमति से अलग हो गए। जुलाई 2024 में उनके अलग होने की घोषणा की गई। इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और हसीन जहां ने भी 2018 में तलाक लिया था। हसीन जहां ने शमी पर घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया था।