R Ashwin on Arjun Tendulkar: LSG ने अर्जुन तेंदुलकर को IPL 2026 के मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस से ट्रेड किया था। लेकिन, क्या उन्हें खेलने का मौका मिलेगा? इस पर आर अश्विन ने बेबाक बयान दिया है।
R Ashwin on Arjun Tendulkar: आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस से ट्रेड किया था। क्या एलएसजी उन्हें खेलने का मौका देगी? इस पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि एलएसजी के पास पहले से ही स्टार्स से भरा तेज गेंदबाजों का जखीरा मौजूद है, ऐसे में महान सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को अपनी नई टीम में मौका मिलना मुश्किल है। लखनऊ की पेस यूनिट में मयंक यादव, एनरिक नॉर्खिया, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, आवेश खान और आकाश सिंह शामिल हैं और उनके आक्रमण की मजबूती को देखते हुए, अर्जुन के प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के मौके बहुत कम नजर आते हैं।
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि अर्जुन तेंदुलकर खेलेगा ही नहीं, और इस बारे में बात भी न ही करें तो बेहतर है। मुझे लगता है कि यह बहुत मुश्किल है, क्योंकि इस लाइनअप में मयंक यादव, मोहसिन खान, आवेश खान और मोहम्मद शमी जैसे गेंदबाज मौजूद हैं। यहां इतने सारे तेज गेंदबाज हैं। वह कैसे खेल पाएगा? मुझे नहीं लगता कि उसे खेलने का कोई मौका मिलेगा, जब तक कि टीम में बहुत ज्यादा चोटें न लग जाएं।
बता दें कि दिसंबर में होने वाले आईपीएल 2026 के मिनी-ऑक्शन से पहले अर्जुन को मुंबई इंडियंस से लखनऊ सुपर जायंट्स में ट्रेड किया गया था। उन्हें सबसे पहले 2021 के मिनी ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने 20 लाख रुपये के बेस प्राइज पर खरीदा था, लेकिन उस सीजन में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। 2023 के मेगा ऑक्शन में पांच बार की चैंपियन टीम ने उन्हें फिर से 30 लाख रुपये में खरीदा।
आखिरकार उन्हें 2023 लंबे इंतजार के बाद डेब्यू करने का मौका मिला। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने पहले आईपीएल मैच में अर्जुन ने दो ओवर में 17 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। उस सीजन में उन्होंने कुल चार मैच खेले और तीन विकेट हासिल किए। फिर हार्दिक पंड्या की कप्तानी में सिर्फ एक मैच खेला।
इस सीजन में एलएसजी की संभावनाओं पर टिप्पणी करते हुए अश्विन ने बिना किसी लाग-लपेट के कहा कि टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बहुत कम है। एलएसजी के लिए पिछले दो सीजन कुछ खास नहीं रहे और आईपीएल 2024 और 2025 दोनों में ही टीम सातवें स्थान पर रही।
अश्विन ने कहा कि मुझे उन टीमों के बारे में पूरी क्लैरिटी है, जो टॉप तीन में होंगी। चौथे, पांचवें और छठे स्थान के लिए टीमों के बीच कड़ी टक्कर होगी और मेरी नजर में एलएसजी तो उन चार, पांच या छह टीमों में भी शामिल नहीं है। वे टॉप छह से बाहर हो जाएंगे। बता दें कि आईपीएल 2026 में एलएसजी अपने अभियान का आगाज 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगी।