
पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी (Photo Credit - IANS)
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को ब्लेंसिंग मुजरबानी समेत कुछ प्लेयर्स ने ऐन मौके पर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) छोड़कर आईपीएल (IPL) में जाने का फैसला लेकर बड़ा झटका दिया है। ये बात पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी को नागंवार गुजरी है। नकवी ने उन खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का चेतावनी दी है। ज्ञात हो कि ये लगातार दूसरी साल है, जब ये दोनों लीग एक ही समय पर हो रही हैं। पिछले साल भी कुछ प्लेयर्स ने बीच सीजन ही पीएसएल छोड़ दिया था।
इस साल ब्लेसिंग मुजरबानी के बाद श्रीलंका के दासुन शनाका पाकिस्तान सुपर लीग से अपना नाम वापस लेने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। उन्होंने लाहौर कलंदर्स को छोड़कर आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलने का फैसला किया है। राजस्थान ने शनाका को चोटिल सैम करन की जगह पर बतौर रिप्लेसमेंट टीम में शामिल किया है। मुजरबानी कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ आईपीएल का करार पक्का होने के बाद पहले ही पाकिस्तान सुपर लीग से हट चुके हैं।
वेस्टइंडीज के गुडाकेश मोटी ने भी पीएसएल से अपना नाम वापस ले लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ सकते हैं। वहीं, स्पेंसर जॉनसन ने भी पीएसएल से अपना नाम वापस लेने का संकेत दिया है। वह सीएसके से जुड़ सकते हैं। इनके अलावा जेक फ्रेजर-मैकगर्क और ओटनील बार्टमैन ने भी नाम वापस लिया है। हालांकि, इनमें से ज्यादातर खिलाड़ियों ने निजी कारणों का हवाला दिया है।
मोहसिन नकवी ने कहा कि हम नियमों के अनुसार, उन खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। पिछले साल भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब कॉर्बिन बॉश को पीएसएल से एक साल के लिए बैन कर दिया गया था और इस बार भी वैसा ही होगा। पिछली बार पेशावर जल्मी के लिए बॉश एक बेहतरीन पसंद थे, लेकिन आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलने के लिए उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग से अपना नाम अंतिम समय पर वापस ले लिया था।
नकवी ने आगे कहा कि आईपीएल के साथ टकराव कोई समस्या नहीं है, क्योंकि अगर खिलाड़ी वहां जा रहे हैं, तो हमारे यहां भी बेहतरीन खिलाड़ी आ रहे हैं। हम पाकिस्तान सुपर लीग को टालने का जोखिम नहीं उठा सकते थे, क्योंकि हमारे पास पूरे साल में कोई और समय उपलब्ध नहीं है।
पाकिस्तान सुपर लीग की शुरुआत 26 मार्च से होनी है और टूर्नामेंट का यह सीजन बंद दरवाजों के पीछे खेला जाएगा। हालांकि, नकवी ने घोषणा की कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण पैदा हुए तेल संकट की वजह से टूर्नामेंट का आयोजन अब छह की जगह सिर्फ दो वेन्यू, लाहौर और कराची में किया जाएगा।
Updated on:
23 Mar 2026 09:15 am
Published on:
23 Mar 2026 09:15 am
