क्रिकेट

रोहित-कोहली को बाहर करना नामुमकिन, तो शमी-सिराज को ड्रॉप करना आसान, अश्विन ने टीम चयन में भेदभाव पर उठाए सवाल

R Ashwin on team india selection: भारत के पूर्व स्पिन ऑलराउंडर आर अश्विन ने इशारों ही इशारों में भारतीय टीम में हो रहे भेदभाव पर निशाना साधा है। उन्‍होंने बताया कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को टीम से बाहर करना नामुमकिन क्यों है। जबकि शमी-सिराज को ड्रॉप करना आसान है।
2 min read
Jul 20, 2026
R Ashwin on team india selection
भारतीय टीम के पूर्व कप्‍तान रोहित शर्मा और विराट कोहली। (फोटो सोर्स: IANS)

R Ashwin on team india selection: भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर आर अश्विन का कहना है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को टीम से बाहर करना लगभग नामुमकिन है, ये दोनों जब तक चाहें खेलना जारी रख सकते हैं। उन्होंने इसके पीछे की वजह उनकी असाधारण उपलब्धियां और जबरदस्त फैन फॉलोइंग को बताया। जबकि मोहम्‍मद शमी और मोहम्‍मद सिराज को ड्रॉप करना आसान है, क्‍योंकि इनकी ज्‍यादा फैन फॉलोइंग नहीं है। इस तरह उन्‍होंने भारतीय टीम चयन में भेदभाव का आरोप लगाया।

शमी-सिराज जैसे गेंदबाजों को खतरा ज्‍यादा

अश्विन ने कहा कि रोहित और विराट जैसे स्टार बैटर अपनी उपलब्धियों और ज़बरदस्त फैन फॉलोइंग की वजह से बेजोड़ असर डालते हैं, जबकि मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज जैसे गेंदबाजों के योगदान के बावजूद टीम से बाहर किए जाने का खतरा ज्‍यादा होता है। सिराज ने आखिरी बार 6 जून 2026 को न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जबकि शमी का आखिरी मैच दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल था।

गेंदबाजों की तुलना में बल्‍लेबाजों को अधिक सपोर्ट

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि रोहित को बाहर करना किसी दूसरे खिलाड़ी को बाहर करने जितना आसान नहीं है, खासकर इस स्‍टार ओपनर के हालिया प्रदर्शन के बाद। उन्होंने भारतीय क्रिकेट में लंबे समय से चली आ रही असमानता पर भी प्रकाश डाला, जहां स्टार बल्लेबाजों को अक्सर गेंदबाजों की तुलना में अधिक समर्थन और पहचान मिलती है।

'विराट-रोहित को कोई छू नहीं सकता'

अश्विन ने कहा कि अगर वे खेलना जारी रखना चाहते हैं, तो कोई भी विराट या रोहित को छू नहीं पाएगा, क्योंकि दोनों के पास अविश्वसनीय साख है। रोहित के नाम 12 हजार से अधिक इंटरनेशनल रन हैं और दोनों ने भारत के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वे बल्लेबाज हैं और उनके पास बहुत बड़ी फैन आर्मी है। लोग उन्हें देखने के लिए स्टेडियम आते हैं। अगर आप उनमें से किसी को भी बाहर करते हैं, तो शोर बहुत ज्‍यादा होगा।

अश्विन ने उठाई आवाज

अश्विन ने इसकी तुलना गेंदबाजों के साथ होने वाले बर्ताव से करते हुए कहा कि अगर शमी को नहीं चुना जाता है या सिराज को नहीं चुना जाता है या फिर भुवनेश्वर को नहीं चुना जाता है, तो शायद 10 से लेकर 10,000 लोग सवाल पूछेंगे। लेकिन, इससे उतना हंगामा नहीं होगा। यही फर्क है। अगर गेंदबाजों को भी इस तरह का सपोर्ट मिलने लगे, तो उन्हें भी ड्रॉप करना नामुमकिन हो जाएगा। लेकिन, असलियत यह है कि विराट या रोहित को ड्रॉप करना लगभग नामुमकिन है।

Updated on:
20 Jul 2026 09:46 pm
Published on:
20 Jul 2026 09:46 pm