क्रिकेट

Sarfaraz Khan की दमदार बल्‍लेबाजी के मुरीद हुए अश्विन ने CSK से कर डाली बड़ी डिमांड

R Ashwin on Sarfaraz Khan: सरफराज खान सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी और अब विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में हैं। बुधवार को ही उन्‍होंने गोवा के खिलाफ महज 75 गेदों पर 157 रन की धमाकेदार पारी खेली है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आर अश्विन भी उनकी बैटिंग के मुरीद हो गए हैं। अश्विन ने CSK से उन्हें प्लेइंग इलेवन में या इम्पैक्ट प्लेयर खिलाने की अपील की।

2 min read
Jan 01, 2026
Sarfaraz Khan
विजय हजारे ट्रॉफी में शतक लगाने का जश्‍न मनाते सरफराज खान। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/ESPNcricinfo)

R Ashwin on Sarfaraz Khan: सरफराज खान विजय हजारे ट्रॉफी में गोवा के खिलाफ बुधवार को शानदार फॉर्म में नजर आए। नंबर-4 पर बैटिंग करते हुए सरफराज ने 75 गेंदों पर 9 चौके और 14 छक्‍कों की मदद से 157 रन की धमाकेदार पारी खेली। उनकी पारी की बदौलत मुंबई ने 87 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस पारी ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के आईपीएल 2026 नीलामी में उन्हें 75 लाख के बेस प्राइज पर खरीदने के फैसले को भी सही साबित किया।

अश्विन ने CSK से की ये मांग

गोवा के खिलाफ उनकी पारी का असर ऐसा था कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर आर अश्विन ने एक्‍स पर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और अब विजय हजारे ट्रॉफी में उनकी फॉर्म की ओर इशारा करते हुए चेन्‍नई सुपर किंग्‍स से उन्हें प्लेइंग इलेवन में या इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर शामिल करने की मांग की। ​​अश्विन ने बताया कि 28 साल का यह खिलाड़ी अपनी बैटिंग फॉर्म की वजह से आने वाले सीजन में सीएसके के लिए एक बड़ा एसेट साबित हो सकता है।

'वह दरवाजा खटखटा नहीं रहा, वह उसे तोड़ रहा है'

अश्विन ने ट्वीट में लिखा, 'SMAT में 100*(47), 52(40), 64(25), 73(22)। वह फॉर्म बिना किसी रुकावट के हजारे ट्रॉफी में भी जारी रही, जिसमें 55(49) के स्कोर के बाद आज 14 छक्कों के साथ शानदार 157(75) रन बनाए। यह खास तौर पर प्रभावशाली है कि वह अपनी स्वीप और स्लॉग स्वीप से बीच के ओवरों में स्पिन गेंदबाजों की धुनाई करते हैं। 'अवन कधवा थट्टला, इडिची ओडाचितु इरुकान।' (वह दरवाजा खटखटा नहीं रहा है, वह उसे तोड़ रहा है।)

सीएसके को निश्चित रूप से उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल करके उनकी शानदार फॉर्म का फायदा उठाना चाहिए? इस सीजन में येलो जर्सी वालों के लिए बैटिंग में खिलाड़ियों की भरमार की एक असली समस्या है! आईपीएल 2026 का इंतजार नहीं कर सकता!

SMAT के प्रदर्शन के आधार पर खरीदा था CSK ने

बता दें कि 2025 की शुरुआत में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सरफराज खान ने सात मैचों में 203.08 के स्ट्राइक रेट और 65.80 के औसत से 329 रन बनाए थे। उस टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन के बाद ही सीएसके ने उन्हें आईपीएल 2026 के ऑक्शन में खरीदा था।

CSK के पास मजबूत बैटिंग यूनिट

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले चेन्नई के पास एक मज़बूत बैटिंग यूनिट है। फ्रेंचाइजी ने पिछले साल संजू सैमसन को ट्रेड किया था, जिसके बदले में रवींद्र जडेजा और सैम कुरेन को राजस्थान रॉयल्स को दिया था। फ्रेंचाइजी के पास रुतुराज गायकवाड़, इंडिया अंडर-19 के ओपनर आयुष म्हात्रे, साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस और ऑलराउंडर शिवम दुबे भी हैं।

Published on:
01 Jan 2026 08:49 am