India vs New Zealand के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मैच में न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र ने शतक जड़ा। इसके साथ ही रचिन रवींद्र 12 साल बाद भारतीय सरजमीं पर शतक जड़ने वाले न्यूजीलैंड के पहले क्रिकेटर बन गए हैं।
India vs New Zealand, 1st Test at Bengaluru: न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने भारत के खिलाफ बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में पहले टेस्ट मैच में शतक जड़कर अपने खाते में एक और उपलब्धि जोड़ ली है। दरअसल, रचिन रवींद्र 2012 के बाद भारत में टेस्ट शतक बनाने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
न्यूजीलैंड की ओर से आखिरी बार 2012 में भारतीय सरजमीं पर शतक जड़ने का कारनामा रॉस टेलर ने किया था। उस वक्त बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही 127 गेंदों का सामना करते हुए 113 रन की पारी खेली थी।
रचिन रवींद्र ने टेस्ट करियर का अपना दूसरा शतक लगाया। यह 19 पारियों में उनका दूसरा टेस्ट शतक है। उन्होंने 124 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और 2 छक्के की मदद से शतक लगाया। हालाकि रचिन रवींद्र 157 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके और 4 छक्के संग 134 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इसके साथ ही 24 वर्षीय रचिन भारतीय समजमीं पर शतक लगाने वाले 21वें कीवी खिलाड़ी बन गए हैं। इस पारी के दौरान रचिन रवींद्र ने 8वें विकेट के लिए पूर्व कीवी कप्तान टिम साउदी संग 132 गेंद में 137 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
रचिन रवींद्र ने 2021 में कानपुर में भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अपना पहला शतक इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया था। रचिन का टेस्ट क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर 240 रन है, जिस उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 366 गेंदों का सामना करते हुए बनाया था।