
U19 इंग्लैंड क्रिकेट टीम (फोटो- ICC)
U19 World Cup 2026 Semifinal, AUS vs ENG: आईसीसी मेंस अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 277 रन बनाए।278 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 250 रन पर ही ऑलआउट हो गई और 27 रन से हारकर डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर हो गया। अब फाइनल में इंग्लैंड का सामना भारत या अफगानिस्तान से होगा।
इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 60 रन पर ही उसके तीन विकेट गिर गए। इसके बाद कप्तान थॉमस रे ने शानदार शतक जड़ते हुए टीम को मुश्किल परिस्थितियों से उबारा। उनके साथ एक अन्य बल्लेबाज ने 40 रनों की अहम पारी खेली। इसके अलावा फरहान अहमद ने 28 रन बनाए, जिसकी बदौलत इंग्लैंड की टीम 277 रन तक पहुंचने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया की ओर हेडन सिलर और नडेन कूरे ने दो-दो विकेट लिए, जबकि विल बाइरोम और आर्यन शर्मा को एक-एक सफलता मिली।
278 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसने 47 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान ओलिवर पीक ने एक छोर संभाले रखा। कुछ देर तक नितेश सैमुअल ने उनका साथ दिया, लेकिन उनके आउट होने के बाद कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सका। ओलिवर पीक ने शतक जमाया, लेकिन इसके बाद ही वह आउट हो गए। उनके आउट होते ही ऑस्ट्रेलिया की जीत की उम्मीदें भी खत्म हो गईं और डिफेंडिंग चैंपियन 47.3 ओवर में 250 रन पर ऑलआउट हो गई।
आपको बता दें कि 2022 के बाद इंग्लैंड की अंडर-19 टीम तीसरी बार वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले इंग्लैंड 1998 में फाइनल में पहुंची थी, जहां उसने न्यूजीलैंड को हराकर अपना पहला खिताब जीता था। इसके बाद 2022 में भी इंग्लैंड फाइनल में पहुंची, लेकिन वहां उसे भारतीय टीम ने चार विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया था।
Published on:
03 Feb 2026 08:57 pm

बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
