
ICC Test Men's Rankings: आईसीसी ने बुधवार को टेस्ट रैंकिंग जारी की, जिसमें अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह ने इतिहास रच दिया। वह आईसीसी मेंस टेस्ट प्लेयर रैंकिंग की किसी भी कैटेगरी के टॉप-10 में जगह बनाने वाले अफगानिस्तान के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
रहमत शाह ने शारजाह में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में 173 रनों की शानदार पारी खेली थी। उनकी इस पारी का फायदा उन्हें आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में मिला है। वह छह स्थान की छलांग लगाकर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। इसके साथ ही रहमत शाह ने अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ करियर रेटिंग भी हासिल कर ली है।
वहीं, आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैकिंग में भारत ऋषभ पंत और शुभमन गिल को रैंकिंग में नुकसान हुआ है। दोनों खिलाड़ी एक-एक स्थान नीचे खिसक गए हैं। ऋषभ पंत अब आठवें, जबकि शुभमन गिल दसवें स्थान पर पहुंच गए हैं। यशस्वी जायसवाल भी एक स्थान फिसलकर 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
इनके अलावा न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल, दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम और श्रीलंका कामिंदु मेंडिस को भी एक-एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। अब टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में डेरिल मिचेल 9वें, कामिंदु मेंडिस 11वें, एडेन मार्करम 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं, जबकि उनके हमवतन जो रूट दूसरे नंबर पर काबिज हैं।
ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड तीसरे और दक्षिण अफ्रीका के टेम्बा बावुमा चौथे नंबर पर हैं। इनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ 5वें और न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र छठे नंबर पर हैं।
भारत के रवींद्र जडेजा और केएल राहुल को आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है। रवींद्र जडेजा एक पायदान चढ़कर 28वें और केएल राहुल 29वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
आईसीसी की ओर से जारी टेस्ट बॉलिंग रैंकिंग में भारत के रवींद्र जडेजा को एक स्थान का फायदा हुआ है। वे एक स्थान की सुधार के साथ 17वें नंबर पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका के प्रभात जयसूर्या दो पायदान चढ़कर 18वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वेस्टइंडीज के जोमेल वारिकन को जबरदस्त फायदा हुआ है। जोमेल वारिकन 11 पायदान की छलांग लगाकर 19वें नंबर पर पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क टॉप पर बने हुए हैं, जबकि शीर्ष 10 में जसप्रीत बुमराह एक मात्र भारतीय गेंदबाज हैं। जसप्रीत बुमराह 5वें नंबर पर बरकरार हैं।
आईसीसी टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में भारत के रवींद्र जडेजा दूसरे और वाशिंगटन सुंदर 7वें नंबर पर बने हुए हैं, जबकि अक्षर पटेल एक स्थान के सुधार के साथ 14वें नंबर पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसेन टॉप पर है।