क्रिकेट

GT vs RR: रवि बिश्नोई ने टी20 क्रिकेट में रचा इतिहास, भुवनेश्‍वर-बुमराह के क्‍लब में हुई एंट्री

Ravi Bishnoi 200 Wickets in T20: आईपीएल 2026 के 9वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की जीत के हीरो रवि बिश्नोई रहे, जिन्‍होंने चार विकेट निकाले। इसके साथ ही बिश्नोई ने टी20 क्रिकेट में 200 विकेट पूरे कर लिए।
2 min read
Apr 05, 2026
Ravi Bishnoi 200 Wickets in T20
राहुल तेवतिया का विकेट लेने का जश्‍न मनाते रवि बिश्‍नोई। (फोटो सोर्स: IANS)

Ravi Bishnoi 200 Wickets in T20: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का 9वां मुकाबला शनिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला गया। इस मैच में राजस्‍थान ने आखिरी ओवर में 6 रनों से जीत दर्ज की। राजस्थान की लगातार दूसरी जीत के हीरो रवि बिश्नोई रहे। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट अपने नाम किए। इसके साथ ही बिश्नोई ने टी20 क्रिकेट में 200 विकेट भी पूरे करते हुए भुवनेश्‍वर कुमार और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्‍गजों के क्‍लब में एंट्री कर ली।

रवि बिश्नोई नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुए। बिश्नोई की घूमती गेंदों को गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज पढ़ने में पूरी तरह से नाकाम रहे। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में 41 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। बिश्नोई ने अपने आईपीएल करियर में पहली बार एक मुकाबले में 4 विकेट निकाले।

टी20 में 200 विकेट पूरे करने वाले 19वें गेंदबाज

उन्होंने इस मैच में राहुल तेवतिया को आउट करने के साथ ही टी20 क्रिकेट में 200 विकेट भी पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के कुल 19वें गेंदबाज और 9वें स्पिन गेंदबाज बने। बिश्नोई ने साई सुदर्शन, ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया का बड़ा विकेट निकाला।

IPL में 7वें या उससे निचले बॉलिंग पोजिशन से 4 या उससे ज्‍यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

5/18 - वानिंदु हसरंगा (आरसीबी) बनाम एसआरएच, मुंबई, 2022
4/6 - रोहित शर्मा (डेक्‍कन चार्जर्स) बनाम एमआई, सेंचुरियन, 2009
4/29 - पॉल वल्थाटी (पंजाब किंग्‍स) बनाम डेक्‍कन चार्जर्स, हैदराबाद, 2011
4/29 - युवराज सिंह (पुणे वॉरियर्स) बनाम डीसी, मुंबई, 2011
4/37 - यश ठाकुर (एलएसजी) बनाम पंजाब किंग्‍स, मोहाली, 2023
4/41 - रवि बिश्नोई (राजस्‍थान रॉयल्‍स) बनाम गुजरात टाइटंस, अहमदाबाद, 2026

204 रन ही बना सकी गुजरात टाइटंस

मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 210 रन बनाए। टीम की तरफ से ध्रुव जुरेल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 75 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, यशस्वी जायसवाल ने 36 गेंदों में 55 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंदों का सामना करते हुए 31 रनों का योगदान दिया।

हालांकि, 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की टीम 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 204 रन ही बना सकी। टीम की तरफ से साई सुदर्शन ने सर्वाधिक 73 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 44 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, जोस बटलर ने 26, राशिद खान ने 24 और कगिसो रबाडा ने 23 रन बनाए। राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में यह लगातार दूसरी जीत दर्ज की है।

Updated on:
05 Apr 2026 08:26 am
Published on:
05 Apr 2026 08:26 am