
नई दिल्ली : टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने संजय मांजरेकर (Sanjay Manjarekar) के साथ एक वीडियो चैट में कहा कि उन्होंने पिछले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रिवर्स कैरम गेंदबाजी की थी। मगर इस ओर किसी का धन ही नहीं गया। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि वह टी-20 क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी हैं और अगर उनका शरीर साथ देता है तो वह टेस्ट क्रिकेट में अपने लिए जगह देखते हैं। इसके अलावा वह चार दिवसीय क्रिकेट के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वैसे भी वह स्पिनर हैं और अगर आप खेल से पांचवां दिन निकाल रहे हैं तो खेल का एक बहुत ही आकर्षक पहलू निकाल रहे हैं।
पिछले आईपीएल में की थी रिवर्स कैरम गेंदबाजी
स्पिनर होने के बावजूद भी अश्विन का नई गेंद से शानदार रिकॉर्ड है। अश्विन ने कहा कि उन्हें नई गेंद पसंद है, क्योंकि वह इसे चमका पाते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी एक ताकत और है, वह यह कि वह नई गेंद पर रिव्स डाल सकते हैं। इससे पिच पर बेहतर गेंदबाजी होती है। अश्विन ने यह भी कहा कि वह इस बात पर हैरान हैं कि पिछले साल की उनकी गेंदबाजी पर किसी की नजर नहीं गई। लोग सोच रहे थे कि वह कैरम गेंदबाजी कर रहे हैं, लेकिन वह रिवर्स कैरम गेंदबाजी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जब वह ऐसी गेंदबाजी करेंगे तो पिच से काफी मदद मिलेगी। कभी-कभी यह घूम सकती है और स्किड भी कर सकती है।
अश्विन को नहीं लगता कि जल्दी क्रिकेट शुरू होगा
अश्विन ने कहा कि आज ज्यादातर अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बंद है। ऐसे में उन्हें नहीं लगता कि इस महामारी के कारण क्रिकेट जल्दी शुरू हो पाएगा। संभावनाएं तो ऐसी ही हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता कि निकट भविष्य में क्या होगा।