
Ravindra Jadeja World Record in Test Cricket: गॉल टेस्ट के तीसरे दिन श्रीलंका के डेब्यूटेंट केशरा नुवांथा को आउट करते ही रविंद्र जडेजा ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह कपिल देव, इयान बॉथम और डेनियल विटोरी जैसे महान टेस्ट ऑलराउंडर्स के क्लब में शामिल हो गए। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे कर लिए और साथ ही उनके नाम 4000 से ज्यादा रन भी हैं। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 4000 रन और 350 विकेट लेने के मामले में वह दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने कपिल देव को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 100 टेस्ट मैच खेलने के बाद ये कारनामा किया था। इयान बॉथम ने सिर्फ 83 मैचों में यह कारनामा कर डाला था और आज वह रिकॉर्ड कायम है।
दुनिया में टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सिर्फ चार ही ऐसे खिलाड़ी हुए हैं, जिन्होंने यह कारनामा किया है। कपिल देव ने 131 टेस्ट मैचों में 5000 से ज्यादा रन बनाए और 434 विकेट चटकाए हैं। वहीं डेनियल विटोरी 4000 से ज्यादा रन और 362 विकेट चटकाकर इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। इयान बॉथम के नाम 5000 से ज्यादा रन हैं और 383 विकेट दर्ज हैं। अब रविंद्र जडेजा की भी इस क्लब में एंट्री हो गई है। उन्होंने 4108 रन तो बनाए ही हैं, साथ ही 350 विकेट भी पूरे कर लिए हैं। हालांकि, जडेजा ने अभी सिर्फ 90 टेस्ट मैच खेले हैं।
गॉल टेस्ट के तीसरे दिन रविंद्र जडेजा ने सबसे पहले कप्तान धनंजय डी सिल्वा को आउट किया और उसके बाद जैसे ही उन्होंने केशरा नुवांथा को आउट किया, उन्होंने इस खास क्लब में एंट्री मार ली। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 462 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने सिर्फ 90 के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन उसके बाद सोनल दीनूशा के शतक और निरोशन दिकवेला के 80 रनों की बदौलत श्रीलंका की पारी संभल गई और उन्होंने बाद में फॉलोऑन भी टाल दिया। श्रीलंकी की टीम 284 रन पर ढेर हो गई।
रविंद्र जडेजा ने भारत के लिए 90 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी 134 पारियों में 4108 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका हाई स्कोर 175 रन रहा है। इसमें 28 अर्धशतक और 6 शतकीय पारियां भी शामिल हैं। जडेजा ने 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया था और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2025 में खेली गई टेस्ट सीरीज के बाद चोट की वजह से वह टीम इंडिया से दूर रहे। रविंद्र जडेजा ने भारत के लिए 2009 में टी20 और वनडे में डेब्यू किया था और अब तक वह भारत के लिए 210 वनडे और 74 टी20 मैच खेल चुके हैं। हालांकि, अब वह व्हाइट बॉल क्रिकेट से दूर हैं।