Ravindra Jadeja: राजस्थान रॉयल्स के नए खिलाड़ी रवींद्र जडेजा ने बताया है कि आईपीएल 2026 में वह बतौर सीनियर खिलाड़ी टीम की बेहतरी के लिए अपनी राय और सुझाव देने में अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे।
Ravindra Jadeja: IPL 2026 से पहले रवींद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स से संजू सैमसन और सैम कुरेन के बदले ट्रेड कर अपनी टीम में शामिल किया था। ये सीनियर स्टार स्पिन ऑलराउंडर आरआर में क्या जिम्मेदारी संभालेगा? सभी के मन में लंबे समय से ये सवाल उठ रहा था। अब आईपीएल 2026 का आगाज होने से पहले जडेजा ने खुद खुलासा किया है कि सीएसके से नई फ्रेंचाइजी में आने के बाद उनकी भूमिका क्या होगी? बता दें कि उन्होंने इसी फ्रेंचाइजी के साथ आईपीएल डेब्यू किया था, 17 साल लंबे अंतराल के बाद वह टीम में वापसी कर रहे हैं।
आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज होने से पहले राजस्थान रॉयल्स की जर्सी लॉन्च इवेंट में बोलते हुए जडेजा ने माना कि टीम में एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर वह टीम की बेहतरी के लिए अपनी राय और सुझाव देने में अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। वह वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल जैसे अन्य युवाओं के साथ खेलने जा रहे हैं।
जडेजा ने कहा कि मैं टीम को अपनी राय और सुझाव दूंगा। टीम की बेहतरी के लिए जो कुछ भी जरूरी होगा। मैं उसे करने के लिए तैयार हूं। बतौर एक सीनियर खिलाड़ी आपको हमेशा टीम के लिए थोड़ी ज्यादा जिम्मेदारी उठानी पड़ती है। आप टीम के लिए जो भी योगदान देते हैं, वह सबसे अच्छा होता है और आप जो कुछ भी करते हैं, वह हमेशा बेहतरीन होता है।
मैं यह नहीं कहूंगा कि मैं युवा खिलाड़ियों के साथ खेल रहा हूं, मैं 'बेहद युवा' खिलाड़ियों के साथ खेल रहा हूं। इसलिए एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर यह काफी रोमांचक होने वाला है। मुझे कई युवा और नए खिलाड़ियों को जानने का मौका मिलेगा। मैं 17 साल बाद रॉयल्स के लिए भी खेल रहा हूं। मेरे लिए भी यह आगे चलकर एक सीखने वाला अनुभव होने वाला है।
चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 14 सीजन बिताने के बाद यह अनुभवी ऑलराउंडर अब एक नई टीम के लिए खेलेगा। आपको एक और बात याद दिला दें कि आईपीएल 2026 के लिए उनकी फीस 18 करोड़ रुपये से घटाकर 14 करोड़ रुपये कर दी गई है। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि वह राजस्थान रॉयल्स की उम्मीदों पर खरे उतरते हैं या नहीं?