क्रिकेट

गन सेलिब्रेशन पर रवींद्र जडेजा ने तोड़ी चुप्पी, CSK से अलग होने पर पहली बार दिया बयान

Ravindra Jadeja on Gun Celebration: चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ रवींद्र जडेजा ने शिवम दुबे का अहम विकेट अपने नाम किया। शिवम को आउट करने के बाद जडेजा नए अंदाज में जश्न मनाते हुए नजर आए।

2 min read
Mar 31, 2026
रवींद्र जडेजा (फोटो- IANS)

Ravindra Jadeja on CSK: राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने माना है कि चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) को छोड़ना उनके लिए एक भावुक और मुश्किल पल रहा। आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में राजस्थान ने चेन्नई को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में 8 विकेट से हराया। जडेजा ने गेंद से अहम योगदान दिया और 2 बड़े विकेट निकाले।

ये भी पढ़ें

चेन्नई सुपर किंग्स हारी और टूट गया एमएम धोनी का रिकॉर्ड, एक बॉलर ने छोड़ा ‘माही’ को पीछे

CSK को छोड़ने पर तोड़ी चुप्पी

जडेजा ने मैच के बाद कहा कि यह बदलाव आसान नहीं था। उन्होंने कहा, "मुझे गुलाबी रंग पसंद आ रहा है। पीला रंग थोड़ा पुराना लगने लगा था लेकिन मैं बस मजाक कर रहा हूं। जाहिर है चेन्नई सुपरकिंग्स जैसी फ्रेंचाइजी को छोड़ना शुरू में थोड़ा मुश्किल था, क्योंकि मैं उनके साथ 12 से 13 साल तक खेला। यह बहुत भावुक पल था। हालांकि, मैंने खुद से कहा कि इस तरह के बदलाव भी सफर का हिस्सा हैं। अच्छी बात यह थी कि मैं अब उस टीम के साथ हूं, जहां मैंने पहली बार आईपीएल का खिताब जीता था।"

जडेजा ने आगे कहा, "वह याद हमेशा मेरे साथ रही है कि अंडर-19 वर्ल्डकप के बाद मैंने अपना आईपीएल करियर राजस्थान रॉयल्स के साथ शुरू किया था और पहले ही सीजन में खिताब जीता था। मैंने उन यादों को एक सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ाया है और मेरा मकसद नए ग्रुप के साथ जितना हो सके उतना सीखना और टीम के साथ अपना अनुभव शेयर करना है।"

बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम की परिस्थितियों के बारे में बात करते हुए जडेजा ने कहा, "विकेट थोड़ा चिपचिपा था, इसलिए यह मेरी गेंदबाजी को सूट कर रहा था। मेरा काम बस सही एरिया में गेंदबाजी करना था। जब आप थोड़ी सी मजबूत विकेट पर सही एरिया में गेंदबाजी करते हैं, तो गेंद बल्ले पर और धीरे आती है, जो एक गेंदबाज के तौर पर अच्छा लगता है। पहले ही मैच में गेंदबाजी के लिए ऐसी पिच मिलने से एक गेंदबाज के तौर पर आपका आत्मविश्वास बढ़ता है।"

जडेजा ने शिवम दुबे का अहम विकेट अपने नाम किया। शिवम को आउट करने के बाद जडेजा नए अंदाज में जश्न मनाते हुए दिखाई दिए। अपने इस जश्न के पीछे का कारण बताते हुए जडेजा ने कहा, "जब मैं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलता था, तब भी मैं इसी तरह से जश्न मनाता था, इसलिए यह मेरा 'जारी रहने वाला' पल था।

शिवम दुबे जैसे बल्लेबाज आपको गलती करने की कोई गुंजाइश नहीं देते हैं और पहली गेंद से ही बड़े शॉट मारने की कोशिश करते हैं। यह मेरे दिमाग में था लेकिन मेरा अहम मकसद उन्हें आउट करना था, क्योंकि उस समय शिवम का विकेट शायद उनकी उम्मीदें खत्म कर देता।" उल्लेखनीय है कि जडेजा को राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई से ट्रेड करते हुए टीम में शामिल किया है।

Also Read
View All

अगली खबर