
Razaullah 9 Sixes in Debut Match: इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान की टीम 2026 में पहली बार 400 के आंकड़े को पार करने में सफल रही। इससे पहले पिछली पांच पारियों में वह 200 के आंकड़े को भी नहीं छू पा रही थी, लेकिन बर्मिंघम टेस्ट की दूसरी पारी में पाकिस्तान ने 449 रन बना दिए, जिसमें शान मसूद ने 95, रजाउल्लाह ने 81, बाबर आजम ने 76 और अजान ओवैस ने 59 रन की पारी खेली। इसके अलावा मोहम्मद अब्बास ने 42 रन बनाए।
एक समय ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान की टीम खेल के तीसरे दिन ही हार जाएगी, लेकिन 9वें नंबर के रजाउल्लाह और मोहम्मद अब्बास के बीच 121 रन की साझेदारी ने इंग्लैंड की उम्मीद पर पानी फेर दिया। रजाउल्लाह ने अपनी पारी में 9 छक्के उड़ाए और चार चौके भी शामिल थे। इन 9 छक्कों की मदद से उन्होंने वेस्टइंडीज के काइल मायर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने डेब्यू मैच में सात छक्के लगाए थे। इसके अलावा उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
आपको बता दें कि डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड टिम साउदी के नाम है। साउदी ने इंग्लैंड के खिलाफ ही साल 2008 में यह कारनामा किया था। अब पाकिस्तान के रजाउल्लाह 9 छक्के लगाकर दुनिया के सिर्फ दूसरे ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने डेब्यू मैच की एक पारी में 9 छक्के लगाए हैं।
पहली पारी में पाकिस्तान की टीम 133 रन पर ढेर हो गई थी, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 453 रन बना दिए। इसके बाद से ऐसा लगने लगा कि तीसरे दिन ही पाकिस्तान की टीम हार जाएगी। शुरुआत भी खराब रही। दूसरी पारी में सैम आयूब और अब्दुल्ला शफीक बिना खाता खोले आउट हो गए, लेकिन इसके बाद अजान ओवैस, शान मसूद और बाबर आजम की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत पाकिस्तान ने लड़ने का जज्बा दिखाया और बाद में रजाउल्लाह और मोहम्मद अब्बास की 9वें विकेट के लिए साझेदारी ने तीसरे दिन पाकिस्तान की हार को टाल दिया। अब इंग्लैंड के सामने सीरीज को 3-0 से जीतने के लिए 130 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा।