Rishabh Pant emotional video: IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के शर्मनाक प्रदर्शन और पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रहने के बाद कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) का एक इमोशनल वीडियो वायरल हो रहा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ मिली हार के बाद टीम के डायरेक्टर टॉम मूडी ने पंत की कप्तानी और गिरती फॉर्म पर बड़ा बयान देकर उनके भविष्य पर सस्पेंस बढ़ा दिया है।
Rishabh Pant emotional video: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सफर बेहद निराशाजनक रहा है। टीम 10वें पायदान पर रहकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। इस खराब सीजन के बाद कप्तान ऋषभ पंत का फैंस को शुक्रिया अदा करते हुए एक इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसके साथ ही लखनऊ की टीम में लीडरशिप बदलने की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
इस सीजन में लखनऊ की टीम 14 में से सिर्फ 4 मैच ही जीत सकी। आईपीएल 2025 में सातवें नंबर पर रहने के बाद, इस साल टीम का प्रदर्शन और भी ज्यादा गिर गया। वायरल वीडियो में पंत काफी भावुक नजर आ रहे हैं।
उन्होंने फैंस से कहा, 'आप सभी का बहुत-बहुत शुक्रिया। यह एक बेहद मुश्किल सीजन रहा है और हमने बहुत कड़ी मेहनत की थी। हालात चाहे जैसे भी रहे, हमारा साथ देने के लिए धन्यवाद। हम एक टीम के रूप में वापसी करेंगे, बस एकजुट रहें।'
इकाना स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ मिली हार के बाद LSG के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने साफ शब्दों में कहा कि पंत कप्तानी के दबाव को नहीं झेल पा रहे हैं। मूडी ने कहा, 'एक कप्तान के तौर पर उनके लिए यह सीजन काफी चुनौतीपूर्ण रहा और नतीजे आपके सामने हैं। हमें सोचना होगा कि क्या इसी दबाव का असर उनकी बल्लेबाजी पर भी दिख रहा है।'
लखनऊ ने ऋषभ पंत को रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन दो सीजन में पंत की कप्तानी में टीम 28 में से सिर्फ 10 मैच ही जीत पाई है। बल्लेबाजी में भी उनका ग्राफ लगातार गिरा है। कभी 160 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले पंत पिछले दो सीजन में सिर्फ 135.74 के स्ट्राइक रेट से 581 रन ही बना सके हैं।
इस खराब फॉर्म का असर उनके इंटरनेशनल करियर पर भी पड़ा है, जहां उनसे टेस्ट टीम की उप-कप्तानी छिन गई और वह वनडे टीम से भी बाहर हो गए। टॉम मूडी ने संकेत दे दिए हैं कि फ्रेंचाइजी अब कप्तानी को लेकर कोई बड़ा और कड़ा फैसला ले सकती है।