क्रिकेट

कोरोना से खतरे के बीच दर्शकों से भरे स्टेडियम में मैच देखने पहुंचे ऋषभ पंत

इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली 5 टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ियों को 20 दिन का आराम दिया गया है। इस बीच पंत दर्शकों से भरे फुटबॉल ग्राउंड में मैच देखने पहुंचे।
2 min read
• •
Updated: 30 Jun 2021, 7:36 PM IST
rishabh_pant.jpg

नई दिल्ली। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2021) के फाइनल में हार के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। इस समय खिलाड़ी अपने परिवार और दोस्तों साथ लंदन के आसपास के शहरों में जमकर एन्जॉय कर रहे हैं। कोरोना महामारी के बीच टीम इंडिया युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) इंग्लैंड और जर्मनी के बीच खेले गए यूरो कप (Euro 2020) का मुकाबला देखने स्‍टेडियम पहुंचे। इस दौरान स्टेडियम हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद थे। वहीं इस मैच के दौरान की ऋषभ पंत की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वह अपने दोस्तों से घिरे नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि इस तस्वीर में ना तो पंत ने मास्क लगाया है ना ही उनके साथ फोटो क्लिक करवा रहे लोगों ने।

ब्रेक में पंत ने उठाया फुटबॉल मैच का लुत्फ
न्यूजीलैंड के हाथों आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला हारने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों को 20 दिन ब्रेक दिया गया है। दरअसल, खिलाड़ी लंबे समय से बायो-बबल में रहे थे। ऐसे में बीसीसीआई उन्हें मानसिक स्थिति से फ्रेश होने के लिए खिलाड़ियों को आजादी दी है। पंत भी इस ब्रेक में फुटबॉल मैच का मजा ले रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, पंत इंग्लैंड और जर्मनी के बीच खेले गए यूरो कप अंतिम 16 का मुकाबला देखने के लिए वेंबली स्टेडियम गए। जहां इंग्लैंड ने 2-0 से जीत दर्ज करके यूरो कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

दूसरी पारी में पंत ने बनाए थे 41 रन
डब्ल्यूटीसी के फाइनल में ऋषभ पंत ने पहली पारी में 4 रन तो दूसरी पारी में 41 रन बनाए थे। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड टीम ने टीम इंडिया को 8 विकेट से हराया था। अब टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। टीम इंडिया के खिलाड़ी इस टेस्ट सीरीज के लिए 14 अगस्त से तैयारियां शुरू कर देंगे। दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय खिलाड़ी इंट्रा स्क्वाड मैच खेलेंगे।

Published on: