क्रिकेट

Rishabh Pant के पास टेस्ट क्रिकेट का सिक्सर किंग बनने का गोल्‍डन चांस, क्या रच पाएंगे नया इतिहास?

IND vs SL, Rishabh Pant: श्रीलंका के दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत के पास नया सिक्‍सर किंग बनने का सुनहरा मौका है। अगर वह इस सीरीज में 3 छक्के लगाने में सफल हो जाते हैं, तो सबसे तेज 100 टेस्ट छक्के पूरे कर लेंगे और वह भी 100 से कम पारियों में, जो आज तक कोई नहीं कर पाया है।
2 min read
Aug 04, 2026
rishabh pant test record, rishabh pant, ind vs sl,
भारतीय स्‍टार विकेटकीपर बल्‍लेबाज ऋषभ पंत। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)

IND vs SL, Rishabh Pant Test Record: भारतीय टीम शुभमन गिल की अगुवाई में श्रीलंका के दौरे पर पहुंच चुकी है। जहां दोनों के बीच वर्ल्‍ड टेस्‍ट चैंपियनशिप 2025-27 के तहत दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज का आगाज 15 अगस्‍त से गॉल में होगा। इस दौरे पर जहां टीम इंडिया में केएल राहुल, यशस्‍वी जायसवाल, शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा, ऋषभ पंत और मोहम्‍मद सिराज जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं, तो मानव सुथार, सारांश जैन और आकिब नबी जैसे नए चेहरे भी शामिल हैं, जिनसे फैंस को बड़ी उम्‍मीदें हैं। इस सीरीज में भारत के स्‍टार विकेटकीपर बल्‍लेबाज पंत से भी शानदार प्रदर्शन की उम्‍मीद होगी, जिनके पास टेस्‍ट क्रिकेट में नया इतिहास रचने का मौका होगा।

ऋषभ पंत के सामने सबसे तेज 100 छक्‍के लगाने का रिकॉर्ड

ऋषभ पंत अपने टेस्‍ट करियर में अब तक 50 मैचों की 87 पारियों में 43.37 के औसत से कुल 3557 रन बना चुके हैं। सबसे खास बात ये है कि इस दौरान उनके बल्‍ले से 97 छक्के आए हैं। वह श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज में तीन छक्‍के लगाते ही अपने 100 टेस्‍ट छक्‍के पूरे कर लेंगे। इसके साथ ही वह सबसे कम टेस्‍ट पारियों में 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन जाएंगे। ये रिकॉर्ड फिलहाल ऑस्‍ट्रेलिया के पूर्व दिग्‍गज एडम गिलक्रिस्‍ट के नाम दर्ज है, जिन्‍होंने 100 छक्‍के पूरे करने के लिए 137 टेस्‍ट पारियां खेली थीं।

टेस्‍ट क्रिकेट में सबसे ज्‍यादा छक्‍के के मामले में गुरु-चेला शीर्ष पर

बता दें कि टेस्‍ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्‍यादा छक्‍के का रिकॉर्ड बेन स्‍टोक्‍स के नाम दर्ज है, जिन्‍होंने 122 मैचों की 220 पारियों में 138 छक्‍के लगाए। इसके बाद दूसरे नंबर पर उनके गुरु (कोच) न्‍यूजीलैंड के ब्रैंडन मैक्‍कुलम हैं, जिन्‍होंने अपने टेस्‍ट करियर के 101 मैचों की 176 पारियों में 107 छक्‍के लगाए। उनके बाद तीसरे नंबर पर 100 छक्‍कों के साथ गिलक्रिस्‍ट हैं, तो चौथे नंबर पर न्‍यूजीलैंड के टिम साउदी हैं, जिन्‍होंने 156 टेस्‍ट पारियों में 98 छक्‍के लगाए।

इस लिस्‍ट में पांचवें पायदान पर वेस्‍टइंडीज के महान बल्‍लेबाज क्रिस गेल हैं, जिन्‍होंने 103 टेस्‍ट की 182 पारियों में 98 छक्‍के लगाए। पंत दो छक्‍के लगाते ही साउदी और गेल को पीछे छोड़ देंगे, तो 4 छक्‍के लगाते ही गिलक्रिस्‍ट से आगे निकल जाएंगे। इस सीरीज में वह मैक्‍कुलम से भी आगे निकल सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्‍हें 11 छक्‍कों की दरकार होगी।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के

खिलाड़ीदेशमैचरनऔसतशतकछक्के
बेन स्टोक्सइंग्लैंड122727334.4614138
ब्रेंडन मैकुलमन्यूजीलैंड101645338.6412107
एडम गिलक्रिस्टऑस्ट्रेलिया96557047.6017100
टिम साउदीन्यूजीलैंड107224515.48098
क्रिस गेलवेस्टइंडीज103721442.181598
ऋषभ पंतभारत50355743.37897
जैक्स कैलिसदक्षिण अफ्रीका1661328955.374597