
India A vs UAE Update: राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के 11वें मुकाबले में भारत ए के सामने UAE ने जीत के लिए 250 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए UAE ने हरप्रीत सिंह भाटिया के शतक की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 249 रन बनाए। भारत ए की ओर से अरशद खान ने 4 विकेट चटकाए। अगर भारत ए की टीम यह मैच जीत लेती है तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी, जहां उसका सामना श्रीलंका से हो सकता है। भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज के पहले मुकाबले में नेपाल को 308 रन से रौंदा था लेकिन दूसरे मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 48 रन से हार गई थी।
इस मुकाबले में UAE ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दोनों ओपनर मिलकर सिर्फ 10 रन बना सके। आर्यांश शर्मा को हर्षित राणा ने दो रन के स्कोर पर पवेलियन की राह दिखाई, तो अंश टंडन को 8 रन के स्कोर पर अरशद खान ने पवेलियन भेजा। इसके बाद हरप्रीत सिंह भाटिया ने पांच बल्लेबाजों के साथ साझेदारी की और अपना शतक पूरा किया।
UAE के लिए मोहम्मद शहजाद ने 28, इथान डिसूजा ने 25 और कप्तान वसीम हमीद ने 36 रन की पारी खेली। हरप्रीत सिंह भाटिया ने 12 चौके और चार छक्कों की मदद से 144 गेंदों में 130 रन की पारी खेली, जिससे UAE 249 रन तक पहुंचने में सफल रहा। भारत की ओर से अरशद खान ने चार विकेट चटकाए, तो हर्षित राणा एक बार फिर महंगे साबित हुए और 10 ओवर में 63 रन लुटा दिए। सूर्यांश शेडगे ने भी 10 ओवर में 48 रन दिए और एक विकेट हासिल किया, जबकि हर्ष दुबे ने 7 ओवर में 28 रन दिए और उन्हें एक सफलता मिली। इस दौरान रिंकू सिंह और तिलक वर्मा ने भी अच्छी गेंदबाजी की, हालांकि दोनों विकेट लेने में कामयाब नहीं हुए।
टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को दो अंक और चाहिए और यह उसका आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला है। ऐसे में अब सबकी निगाहें वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा जैसे बल्लेबाजों पर टिकी हैं।