
Sri Lanka A vs Bangladesh A: राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के दसवें मुकाबले में श्रीलंका ए ने बांग्लादेश ए को 7 विकेट से रौंद दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ए की टीम 145 रन पर ढेर हो गई। जवाब में श्रीलंका ए की टीम ने सिर्फ दो विकेट गंवाकर 22वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ श्रीलंका का पहला सेमीफाइनल खेलना तय हो गया है, जहां उसका सामना भारत ए से हो सकता है।
पहला सेमीफाइनल 26 नवंबर को खेला जाएगा, जहां उसका सामना ग्रुप बी की दूसरे नंबर की टीम से होगा, जो संभवत: भारत की टीम हो सकती है। ग्रुप बी से पाकिस्तान का टिकट कंफर्म हो चुका है, लेकिन भारत के साथ नेपाल और UAE भी रेस में हैं। ग्रुप B में पाकिस्तान ए के पहले स्थान पर रहने की संभावना है। यही वजह है कि पहले सेमीफाइनल में भारत की टक्कर श्रीलंका की टीम से हो सकती है, हालांकि उसके लिए टीम इंडिया को पहले सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करना होगा। दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान की टक्कर बांग्लादेश से होगी। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 27 नवंबर को खेला जाएगा।
इस मुकाबले में बांग्लादेश ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उसका फैसला सही साबित नहीं हुआ। कप्तान सैफ हसन और परवेज हुसैन ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। 55 रन पर पहला विकेट गिरा। उसके बाद से विकेटों की ऐसी झड़ी लगी कि पूरी टीम 145 रन पर ढेर हो गई। बांग्लादेश ए टीम के आखिरी सात में से पांच बल्लेबाज तो दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सके। इस दौरान श्रीलंका ने 8 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। रवींदू फर्नांडो ने 10 ओवर में 30 रन देकर सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाए, तो वनूजा सहन ने तीन और विजयकांत ने दो विकेट हासिल किए।
146 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। सिनेत जयवर्धने 11 रन बनाकर आउट हो गए। उसके बाद लसित क्रॉसपुल्ले ने 29 रन की पारी खेली। दोनों के आउट होने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज निशान मधुशंका और पवन रत्नायके ने मिलकर टीम को जीत दिला दी। हालांकि कप्तान रत्नायके 45 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन मधुशंका ने शानदार अर्धशतक जड़ा और अंत तक नाबाद रहे।
इस जीत के साथ श्रीलंका बिना हारे सेमीफाइनल में पहुंचा है। दूसरी ओर बांग्लादेश की टीम हार के बावजूद दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गई है। अब श्रीलंका A की टीम अपना सेमीफाइनल मुकाबला 26 नवंबर को खेलेगी, जबकि बांग्लादेश A का सेमीफाइनल मैच 27 नवंबर को होगा।