क्रिकेट

16 साल की उम्र में डेब्यू, वनडे कप में तूफानी शतक, एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी का एक और बड़ा कारनामा

Somerset vs Lancashire, One Day Cup 2026: इंग्लैंड वन-डे कप में एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी फ्लिंटॉफ ने लंकाशायर के लिए 76 गेंदों में 123 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 7 छक्के और 10 चौके लगाए। यह उनके लिस्ट-ए करियर का पहला शतक है।
2 min read
Aug 12, 2026
Rocky Flintoff
रॉकी फ्लिंटॉफ (फोटो- Lancashire Cricket X)

Rocky Flintoff Hundred in One Day Cup 2026: इंग्लैंड में खेले जा रहे वनडे कप में एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी फ्लिंटॉफ ने अपने लिस्ट ए करियर का पहला शतक जड़ दिया है। लंकाशायर की ओर से खेलते हुए रॉकी फ्लिंटॉफ ने समरसेट के खिलाफ 76 गेंदों में 10 चौके और 7 छक्कों की मदद से 123 रन की तूफानी पारी खेली। वह लंकाशायर के लिए सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले आर्ची मैकलेरन ने 1890 में 18 साल 256 दिन की उम्र में शतक जड़ा था। फ्लिंटॉफ ने 18 साल 126 दिन में ये कारनामा कर दिया। इस पारी की बदौलत लंकाशायर ने 174 रन से विशाल जीत हासिल कर ली। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए लंकाशायर ने 50 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 443 रन बनाए, जिसमें कीटन जेनिंग्स ने 156, रॉकी फ्लिंटॉफ ने 123 और मैथ्यू हर्स्ट ने 47 रन की पारी खेली।

40वें ओवर में ढेर हुई समरसेट

444 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी समरसेट की टीम 40वें ओवर में ही 269 रन पर ढेर हो गई। समरसेट की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दोनों सलामी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। उसके बाद टॉम लेमनबी ने 68 रन की पारी खेली, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक भी नहीं पहुंच सका। लंकाशायर के लिए थॉमस एस्पिनवाल और जॉर्ज बाल्डरसन ने चार-चार विकेट चटकाए, तो हैरी सिंह को दो सफलताएं मिलीं।

इस मुकाबले में रॉकी फ्लिंटॉफ ने अपने लिस्ट ए करियर का पहला शतक जड़ा। वह इंग्लैंड की अंडर-19 टीम और इंग्लैंड लायंस, जो कि इंग्लैंड की 'ए' टीम है, उसका भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा वह द हंड्रेड लीग में सनराइजर्स लीड्स के लिए खेलते हैं। साल 2008 में जन्मे 18 साल के रॉकी फ्लिंटॉफ ने अब तक पांच फर्स्ट क्लास और 15 लिस्ट ए मैच खेले हैं। फर्स्ट क्लास में उन्होंने अब तक सिर्फ 137 रन बनाए हैं, जबकि लिस्ट ए की 15 पारियों में उन्होंने 473 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 2 अर्धशतक शामिल है। रॉकी ने 2024 में लंकाशायर के लिए डेब्यू कर इतिहास रचा था। उन्होंने 16 साल और 113 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था।

दुनिया के बेस्ट ऑलराउंडर्स में से एक फ्लिंटॉफ

रॉकी इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे हैं, जिन्होंने 2009 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इंग्लैंड के लिए 79 टेस्ट, 141 वनडे और 7 टी20 मैच खेलने वाले फ्लिंटॉफ दुनिया के बेस्ट ऑलराउंडर्स में से एक रहे हैं। फ्लिंटॉफ ने इसी महीने इंग्लैंड लायंस के हेड कोच का पद छोड़ा था और अब वह बिग बैश लीग में सिडनी थंडर में कोचिंग की भूमिका में नजर आएंगे।

Updated on:
12 Aug 2026 09:34 am
Published on:
12 Aug 2026 09:26 am