क्रिकेट

Rohit Sharma के पास आज बतौर ओपनर बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका, शतक जड़ते ही सचिन तेंदुलकर को छोड़ देंगे पीछे

Rohit Sharma Record: भारतीय सलामी बल्‍लेबाज रोहित शर्मा के पास आज सचिन तेंदुलकर का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। वह अफगानिस्‍तान के खिलाफ लखनऊ के इकाना में शतक लगाते ही ये रिकॉर्ड ध्‍वस्‍त कर देंगे।

2 min read
Jun 17, 2026
Rohit Sharma Record
रोहित शर्मा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

India vs Afghanistan 2nd ODI: भारत और अफगानिस्‍तान के बीच बुधवार को तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला दोपहर 1.30 बजे से भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। पहला मुकाबला जीतकर 1-0 से आगे चल रही टीम इंडिया की नजर सीरीज पर कब्‍जा जमाने पर होगी। इसके साथ ही सभी क्रिकेट फैंस की निगाहें आज रोहित शर्मा पर होंगी, जिनके पास सचिन तेंदुलकर का बतौर ओपनर सबसे ज्‍यादा शतक लगाने का सुनहरा मौका होगा।

निशाने पर सचिन तेंदुलकर का 14 साल पुराना रिकॉर्ड

बता दें कि क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने 1994 से 2012 के बीच अपने अंतरराष्‍ट्रीय करियर में बतौर ओपनर 45 शतक लगाए। इस नंबर पर खेलते हुए उन्‍होंने कुल 5664 रन बनाए। वहीं, रोहित शर्मा भी 2013 से 2025 तक अपने इंटरनेशनल करियर में बतौर सलामी बल्‍लेबाज 45 शतक पूरे कर सचिन की बराबरी कर चुके हैं।

अगर वह अफगानिस्‍तान के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे में शतक लगाने में सफल हो जाते हैं तो मास्‍टर ब्‍लास्‍टर के 14 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।

शीर्ष पर डेविड वॉर्नर

बतौर ओपनर सबसे ज्‍यादा अंतरराष्‍ट्रीय शतकों के रिकॉर्ड की बात करें तो ये रिकॉर्ड फिलहाल ऑस्‍ट्रेलिया के पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर के नाम दर्ज है। उनके नाम कुल 49 शतक दर्ज हैं। इस मामले में रोहित शर्मा और सचिन तेंदुलकर 45-45 शतकों के साथ संयुक्‍त रूप से दूसरे पायदान पर हैं। वहीं, वेस्‍टइंडीज के महान बल्‍लेबाज क्रिस गेल 42 सेंचुरी के साथ तीसरे तो श्रीलंका के सनथ जयसूर्या 41 शतकों के साथ चौथे स्‍थान पर हैं। जबकि 40 शतकों के साथ मैथ्‍यू हेडन पांचवें नंबर पर हैं।

क्‍या रोहित शर्मा पूरा कर पाएंगे अपना सपना?

2027 में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है। भारतीय टीम मैनेजमेंट इसके लिए पूरी तैयारी में जुटा है। इसी वजह से कुछ नए प्‍लेयर्स को भी मौके दिए जा रहे हैं, ताकि तैयारी में कोई कसर न रह जाए। रोहित शर्मा भी अपना वनडे वर्ल्‍ड कप जीतने का सपना पूरा करने के लिए जोर-शोर से टीम इंडिया के साथ जुटे हुए हैं।

हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि वह शायद ही वनडे विश्‍व कप तक अपने आपको फिट रख पाएं, क्‍योंकि वह 39 साल के हो चुके हैं और उनकी बल्‍लेबाजी में वह धार भी नजर नहीं आ रही है।