क्रिकेट

Rohit Sharma on 2027 World Cup: क्या रोहित शर्मा खेलेंगे 2027 का वर्ल्डकप? देश लौटते ही ‘हिटमैन’ ने दिया ये जवाब

Rohit Sharma ने भारत को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब दिला दिया है और यह लगातार टीम इंडिया की दूसरी ट्रॉफी है, जो उनकी ही कप्तानी में जीती गई है।
2 min read
• •
Updated: 11 Mar 2025, 6:13 PM IST
Rohit Sharma

Will Rohit Sharma Play 2027 ODI World Cup: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के शुरुआत से पहले से ये कयास लगाए जाने लगे थे कि रोहित शर्मा इस इवेंट के बाद संन्यास ले लेंगे। हालांकि इन सब की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में मिली 3-0 से हार के बाद शुरू हुई। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मिली बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में हार के बाद रोहित शर्मा से संन्यास की मांग और बढ़ गई। हालांकि वनडे क्रिकेट में 3-3 दोहरा शतकीय पारी खेलने वाले रोहित शर्मा ने इसका जवाब काफी आराम से दिया और पाकिस्तान की मेजबानी में खेले गए चैंपिंयंस ट्रॉखी का खिताब दिलाकर आलोचकों की बोलती बंद कर दी।

हालांकि ये सवाल बंद नहीं हुए और जब रोहित शर्मा खिताब जीतकर देश लौटे तब भी उनसे इस तरह के सवाल पूछे गए। चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल से पहले ये अटकलें लगाई जा रही थीं कि फाइनल में अगर टीम इंडिया जीत जाती है तो रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली और रवींद्र जडेजा भी वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। दरअसल 2024 में आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2024 के बाद इन तीनों खिलाड़ियों ने टी20 से संन्यास ले लिया था। ऐसे में उसी घटना को ध्यान में रखते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले के बाद ऐसी उम्मीद लगाई जा रही थी।

हालांकि हुआ कुछ नहीं। खिताबी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से हराकर खिताब जीता। पूरे टूर्नामेंट में रनों के लिए तरसने वाले रोहित शर्मा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और टीम इंडिया की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। रोहित शर्मा जब टीम के खिलाड़ियों के साथ चैंपियंस ट्रॉफी की जीत का जश्न मना रहे थे तब भी उनसे ये सवाल पूछा गया, तो रोहित ने जवाब में कहा कि अभी कोई रिटायर नहीं हो रहा है।

2027 में खेलने को लेकर क्या बोले रोहित?

इस सवाल ने रोहित शर्मा का पीछा घर लौटने के बाद भी नहीं छोड़ा। खिताबी जीत के बाद जब रोहित शर्मा ट्रॉफी के साथ देश लौटे, तब उनसे ये सवाल थोड़ा घुमाकर पूछा गया। इस बार रोहित शर्मा से पूछा गया कि क्या वह 2027 में खेले जाने वाले क्रिकेट वर्ल्डकप में हिस्सा लेंगे? रोहित शर्मा ने कहा, "देखिए, मैं देखना चाहता हूं कि मैं कितना अच्छा खेल पाता हूं, फिलहाल मैं अच्छा खेल रहा है और इस टीम के लिए जो भी कुछ कर रहा हूं, उसमें मुझे मजा आ रहा है। मेरे होने से टीम को भी अच्छा लग रहा है, जो कि अच्छी बात है। मैं 2027 को लेकर कुछ नहीं सोच रहा क्योंकि वह बहुत दूर है, लेकिन मैंने अपने सभी रास्ते खुले रखे हैं।"

Updated on:
11 Mar 2025, 6:13 PM IST
Published on: