
भारत के सुपरस्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का लक्ष्य क्रिकेट वर्ल्ड कप (ICC Cricket World Cup) 2027 खेलना है। अगले साल होने वाले इस टूर्नामेंट में खेलने की इच्छा रोहित कई बार जता चुके हैं। हाल ही में उन्होंने इसके लिए अपनी स्ट्रैटेजी के बारे में भी बात की। भारत के सीनियर ओपनर रोहित कहते हैं कि उनकी स्ट्रैटेजी पूरी तरह से वर्तमान में रहने, फिट रहने और बहुत आगे की सोचने के बजाय हर आने वाले मैच में लगातार अच्छी परफॉर्मेंस करने पर फोकस है। एक इंटरव्यू के दौरान रोहित ने यह बात कहीं।
रोहित ने इंटरव्यू में आगे कहा, "मैं बस यही चाहता हूं कि मैं 2027 तक खुद को काबिल बनाए रखूं। इसलिए मैं खुद को फिट रखता हूं, कड़ी मेहनत करता हूं और हर आने वाले टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करता रहता हूं। मुझे इसी बारे में सोचना है और यही करना है। इसलिए मुझे लगता है कि मेरा अभी का लक्ष्य यही है कि जो कुछ भी मेरे सामने है, मैं उसे ठीक से करूं। अभी अगले अक्टूबर के बारे में सोचने से मुझे अपना खेल खेलने में कोई मदद नहीं मिलेगी। मेरे लिए यही सही होगा कि मैं वर्तमान में रहूं, हर चुनौती को पूरा करूं और फिर आगे बढ़ता रहूं। ज़िंदगी में मैं इसी तरह आगे बढ़ा हूं, इसलिए अभी भी मुझे ऐसा ही करना है।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे कुछ भी बदलने की ज़रूरत नहीं है। अब तक मेरा सफ़र जैसा रहा है, मैं उसे उसी तरह आगे बढ़ाना चाहता हूं। अपनी बैटिंग पर कड़ी मेहनत करता रहूं, अपनी फ़िटनेस पर कड़ी मेहनत करता रहूं, टीम के खिलाड़ियों की मदद करूं और जहाँ ज़रूरत हो वहाँ इनपुट दूं।"
वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ दूसरे वनडे में रोहित ने शानदार शतक लगाया। गुवाहाटी में खेले गए इस मैच में रोहित ने 75 गेंदों पर 101 रन की पारी खेली। 134.67 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए रोहित ने अपनी पारी में 10 चौके और 6 छक्के लगाए। इस पारी के साथ ही रोहित ने अपने आलोचकों का मुंह भी बंद कर दिया।